देश के 135 केंद्रों में होगी केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा, जानिये तारीख और शहरों की सूची
CTET को लेकर नई खबर सामने आई है। CBSE ने आज इन परीक्षाओं को लेकर कार्यक्रम घोषित कर दिया है। कोरोना के चलते यह परीक्षा गत दिनों निरस्त कर दी गई थी। केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) अब अगले वर्ष जनवरी माह में आयोजित की जाएगी।
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई)
ने एक परिपत्र जारी कर बताया कि परीक्षा का 14वां संस्करण पांच अगस्त को
आयोजित किया जाना था, लेकिन कोरोना महामारी और प्रशासनिक कारणों के चलते
इसे स्थगित कर दिया गया था।
अब यह परीक्षा 31 जनवरी, 2021 को आयोजित की
जाएगी। पहले यह परीक्षा 112 केंद्रों में होनी थी, लेकिन अब 135 केंद्रों
में आयोजित की जाएगी। इस बार कई ऐसे भी उम्मीदवार हैं, जिन्होंने कोरोना के
चलते अपना स्थान बदल दिया है। बोर्ड ने उम्मीदवारों की सहूलियत का ध्यान
रखते हुए परीक्षा केंद्र में बदलाव का मौका देने का निर्णय लिया है।
ऐसे में जो परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र बदलना चाहते हैं, वे सीटीईटी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर सात नवंबर से 16 नवंबर के बीच परीक्षा केंद्र का चयन कर सकेंगे।
इन शहरों में बनेंगे नए केंद्र :
लखीमपुर,
बेगुसराय, गोपालगंज, पूर्णिया, रोहतास, सहरसा, सारन, भिलाई/दुर्ग,
बिलासपुर, हजारीबाग, जमशेदपुर, लुधियाना, अंबेडकर नगर, बिजनौर, बुलंदशहर,
देवरिया, गोंडा, मैनपुरी, प्रतापगढ़, शाहजहांपुर व सीतापुर आदि।
साल में दो बार होती है यह परीक्षा
सीबीएसई
द्वारा सीटीईटी की परीक्षा साल में दो बार आयोजित की जाती है। इस परीक्षा
को पास करने वाले परीक्षार्थी देशभर के केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय
और आर्मी स्कूलों में शिक्षकों के पद पर नियुक्ति के लिए आवेदन कर सकते
हैं। चयन किए गए शहरों में उम्मीदवारों को समायोजित करने का हर संभव प्रयास
किया जाएगा, फिर भी यदि कोई स्थिति पैदा होती है,
तो उम्मीदवारों को उनके द्वारा चुने गए चार शहरों के अलावा कोई भी शहर आवंटित किया जा सकता है। बोर्ड के अधिकारियों के मुताबिक शारीरिक दूरी और अन्य सुरक्षा उपायों के लिए परीक्षा केंद्रों की संख्या बढ़ाई गई है।