यात्रीगण कृपया ध्यान दें! दीपावली-छठ पर करनी है ट्रेन से यात... - CG Sandesh

यात्रीगण कृपया ध्यान दें! दीपावली-छठ पर करनी है ट्रेन से यात्रा, जान लें ये जरूरी बात...

दीपावली (Diwali 2020) और छठ (Chhath 2020) के मौके पर अगर आपको ट्रेन (Train) से यात्रा करनी है तो ये बात ध्यान रखें कि जबतक टिकट कंफर्म ना हो, तबतक ट्रेन से यात्रा ना करें. रेलवे ने कहा है कि यदि आपकी सीट पहले से कंफर्म है तो ही रेलवे स्टेशन पहुंचे क्योंकि स्टेशन के बाहर ही हर यात्री की टिकट को जांचा जा रहा है और जिनकी टिकट कंफर्म है उन्हीं को प्लेटफार्म पर जाने की इजाजत है. ऐसे में अगर आपका टिकट कंफर्म हो तभी प्लेटफॉर्म पहुंचें.

रेलवे बोर्ड चेयरमैन विजय यादव के मुताबिक, महामारी के इस कठिन समय में रेलगाड़ियों के व्यवस्थित संचालन के लिए महामारी के बावजूद रेलवे के कर्मचारी और अधिकारी दिन रात लगे हुए हैं. प्लेटफार्मों पर भीड़भाड़ को रोकने के लिए नई दिल्ली और आनंद विहार दोनों स्टेशनों पर यात्रियों को एकत्रित होने के लिए विशेष कवर्ड होल्डिंग एरिया बनाए जा रहे हैं.

इन्हें पूछताछ काउंटरों, पेयजल, मोबाइल शौचलाय, खानपान स्टॉल, लाइटिंग, पंखे, रेल सूचना डिस्प्ले प्रणाली, सुरक्षा और हैल्प डैस्क जैसी सभी आवश्यक सुविधाओं से सुसज्जित किया जा रहा है. वहीं रेलगाड़ियों के आगमन और प्रस्थान के सम्बन्ध में यात्रियों को सूचना देने के लिए जन उदघोषणा प्रणाली लगाई जा रही है.

इसके अलावा प्रमुख स्थानों पर विशेष रूप से रेलगाड़ियों के सम्बन्ध में सूचना प्रदर्शित करने के लिए बड़ी-बड़ी एलईडी स्क्रीनें लगाई गई हैं. प्रतीक्षारत रेलयात्रियों के मनोरंजन के लिए डीटीएच के माध्यम से फिल्में/मनोरंजक कार्यक्रम भी दिखाए जा रहे हैं.

कोरोना से बचाव के लिए किए गए हैं ये सुरक्षा इंतजाम:-

• स्टेशनों और पार्सल बुकिंग एरिया में विशेष सुरक्षा इंतजाम.
• फुट-ओवर-ब्रिजों/प्लेटफार्मों/ऑफ साइड/सर्कुलेटिंग एरिया तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर रेल सुरक्षा बल/रेल सुरक्षा विशेष बल के अतिरिक्त जवानों की तैनाती.
• सभी प्रवेश द्वारों पर कर्मचारियों की तैनाती.
• उदघोषणा के लिए मेगा माइक की व्यवस्था.
• व्यवस्थित भीडभाड प्रबंधन के लिए फुट-ओवर-ब्रिजों और प्लेटफार्मों पर मनीला रोप.
• राजकीय रेल पुलिस/दिल्ली पुलिस/यातायात पुलिस/बम निरोधक दस्ता और अग्निशमन कर्मचारियों के साथ करीबी समन्वय.
• सुरक्षा के लिए डीएफएमडी, हैंड हैल्ड मैटल डिटेक्टर, बैगेज स्केनर,सीसीटीवी का इस्तेमाल.
• प्रशिक्षित श्वान दस्ता.
• रैक को तालाबंद स्थिति में प्लेटफार्म पर लगाया जायेगा और यात्रियों को असुविधा से बचाने के लिए समय से पैडलॉक खोले जायेंगे.


अन्य सम्बंधित खबरें