सुप्रीम कोर्ट ने कहा- कोई कोरोना संक्रमित है, ये बताने को घर... - CG Sandesh

सुप्रीम कोर्ट ने कहा- कोई कोरोना संक्रमित है, ये बताने को घर के बाहर न लगाए जाएं पोस्टर्स

सुप्रीम कोर्ट (Supreme Court) ने कहा कि कोरोना मरीजों (Corona Virus Patients) के घर के बाहर किसी भी तरह के पोस्टर्स या कोरोना मरीज होने के संकेत के लिए किसी निशान का इस्तेमाल नहीं किया जाए. केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों को लेकर कहा कि कोरोना वायरस (Corona Virus) से संक्रमित मरीजों के घर के बाहर पोस्टर और ‘साइनेज’ (निर्देशक या चेतावनी संकेतक) नहीं लगाने चाहिए. शीर्ष अदालत ने साथ ही कहा कि यदि योग्य प्राधिकारी आपदा प्रबंधन कानून के तहत विशेष निर्देश जारी करते हैं, तो इस प्रकार के पोस्टर विशेष मामलों में ही लगाए जा सकते हैं.

न्यायमूर्ति अशोक भूषण की अगुवाई वाली पीठ ने कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों के घरों के बाहर पोस्टर नहीं चिपकाने का निर्देश दिए जाने का अनुरोध करने वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान यह कहा. न्यायमूर्ति आर एस रेड्डी और न्यायमूर्ति एम आर शाह भी पीठ में शामिल थे. पीठ ने याचिका का निपटारा करते हुए कहा कि केंद्र ने पहले ही दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं और इसलिए राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों को इस प्रकार के पोस्टर नहीं लगाने चाहिए.

केंद्र ने पहले शीर्ष अदालत से कहा था कि दिशा-निर्देशों में कोविड-19 मरीजों के घर के बाहर पोस्टर लगाने संबंधी कोई निर्देश नहीं दिया गया है और पोस्टर लगाने का मकसद किसी को ‘कलंकित करने की मंशा’ नहीं हो सकता.


अन्य सम्बंधित खबरें