किसान आंदोलन का 16 वां दिन, सिंघू बॉर्डर पर तैनात दो IPS अफस... - CG Sandesh

किसान आंदोलन का 16 वां दिन, सिंघू बॉर्डर पर तैनात दो IPS अफसर हुए कोरोना पॉजिटिव

दिल्ली बॉर्डर पर डटे किसानों के आंदोलन (Farmers Protest) का आज (शुक्रवार) 16वां दिन है. किसान नए कृषि कानूनों (Farm Laws) को वापस लेने की मांग को लेकर अड़े हैं. केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कल कहा था कि सरकार किसानों के साथ आगे की बातचीत के लिए खुली है और उन्हें अपना आंदोलन समाप्त करना चाहिए. लेकिन, किसान कृषि बिल को रद करने की मांग पर अड़े हुए हैं. पंजाब समेत कई राज्यों से आए हजारों की संख्या में किसान सिंघु, टिकरी, चिल्ला और गाजीपुर बॉर्डर पर जमा हैं और शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं.

किसान आंदोलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने काफी संख्या में फोर्स की तैनाती की हुई है. अब मिल रही जानकारी के अनुसार, सिंघु बॉर्डर पर तैनात दो IPS अफसर कोरोनावायरस (Coronavirus) से संक्रमित पाए गए हैं. दोनों पुलिस अधिकारियों का इलाज चल रहा है.

इससे पहले खबर मिली थी कि किसान आंदोलन में शामिल कई किसानों को तेज बुखार था. जिसके बाद सोनीपत के डीएम श्याम लाल पूनिया ने किसानों का कोरोना टेस्ट कराने के आदेश दिए थे. उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए थे कि वे धरने पर बैठे ऐसे किसानों की लिस्ट तैयार करें, जिन्हें तेज बुखार है. ऐसे किसानों की मुफ्त में कोरोना जांच की जाएगी. अगर कोई किसान संक्रमित मिलता है तो उसे उच्च स्तर पर उपचार सुविधा दी जाएगी.

वहीं, प्रदर्शन कर रहे किसानों ने अपनी मांग को लेकर 14 दिसंबर को भारत बंद का ऐलान किया है. किसानों के साथ सरकार की पांच दौर की वार्ता हो चुकी है, लेकिन अबतक कोई समाधान नहीं निकल सका है. किसान अपनी मांग पर डटे हुए हैं. गृहमंत्री अमित शाह से भी किसानों की वार्ता बेनतीजा रही थी.


अन्य सम्बंधित खबरें