किसान आंदोलन के नाम पर खालिस्तान समर्थक चला रहे हैं अपना एजेंडा,राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के पुतले को खालिस्तनी झंडे से ढक दिया.
विदेशों में किसान आंदोलन (Farmers Protest) की आड़ में खालिस्तान (Khalistan) समर्थक लगातार अपनी मांगें थोपने का काम कर रहे हैं. इस बार अमेरिका (US) के वाशिंगटन से आई तस्वीरें इस बात की गवाही दे रही हैं. यहां किसान आंदोलन के समर्थन में प्रदर्शन कर रहे कुछ लोगों ने भारतीय दूतावास के नजदीक बनी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी (Mahatma Gandhi) की प्रतिमा को खालिस्तानी झंडे से ढक दिया.
भारतीय दूतावास तक निकाली रैली
अमेरिका में हुए इस प्रदर्शन में ग्रेटर वाशिंगटन डीसी, मैरिलैंड (Maryland), वर्जीनिया (Virginia), न्यूयार्क (New York), न्यू जर्सी (New Jersey), पेंसिलवेनिया (Pennsylvania), इंडियाना (Indiana), नॉर्थ कैरोलीना (North Carolina) जैसे राज्यों से खालिस्तान समर्थक इकट्ठा हुए. प्रदर्शनकारियों ने अपने-अपने राज्यों से वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास (Indian Embassy) तक कार रैली निकाली.
प्रदर्शन के बीच हाथ में खालिस्तानी झंडे लिए कुछ अलगाववादी सिख इसमें शामिल हो गए, जहां उन्होंने ना सिर्फ भारत विरोधी नारे लगाए बल्कि खालिस्तान के समर्थन में नारेबाजी भी की. हाथों में कृपाण लिए इन खालिस्तानी प्रदर्शनकारियों ने भारतीय दूतावास (Indian Embassy) के बाहर लगी महात्मा गांधी की प्रतिमा का अपमान किया. इतना ही नहीं इन लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी की फोटो को भी स्टेच्यू पर टांग दिया.
खालिस्तानीसमर्थकों की इस गुंडागर्दी पर भारतीय दूतावास (Indian Embassy) ने एक स्टेटमेंट जारी किया है. स्टेटमेंट में कहा गया, 'दूतावास के बाहर लगी महात्मा गांधी की मूर्ति को खालिस्तानी तत्वों द्वारा खराब किया गया है. ये लोग प्रदर्शनकारी का मुखौटा पहने बदमाश हैं. हम इस हरकत की निंदा करते हैं.'
इस बयान में भारतीय दूतावास (Indian Embassy) की तरफ से ये भी कहा गया कि इन लोगों के खिलाफ उन्होंने अमेरिका की लॉ इन्फोर्समेंट एजेंसी के पास शिकायत दर्ज की है.
लेबर पार्टी के सांसद ने मांगी माफी
इसके बाद अमेरिका में लेबर पार्टी के सांसद ताएवो ओवातेमी ने इनके समर्थन में एक ट्वीट किया था, लेकिन जल्द ही उन्होंने अपने उस ट्वीट के लिए माफी मांग ली. उन्होंने कहा, 'सिखों के न्याय के लिए सुझाए गए ट्वीट को पोस्ट करने के लिए बहुत से लोगों ने मुझे ईमेल किया था. एक कर्मचारी जो मुझे सोशल मीडिया हैंडल को चलाने में मदद करता है, उसने ये ट्वीट पोस्ट किया था. अब यह हटा दिया गया है. मैं ईमानदारी से अपने कर्मचारी के कारण हुए अपराध के लिए माफी मांगता हूं.'