10 लड़कियों का गैंग, महिलाओं से बोली - माल निकालो, वरना यहीं... - CG Sandesh

10 लड़कियों का गैंग, महिलाओं से बोली - माल निकालो, वरना यहीं मार देंगे

ऐसी दो नाबालिग लड़कियां इंदौर पुलिस के हाथ लगी हैं, जो नशे में तो थी हीं, चाकूबाजी, लूट और अड़ीबाजी भी कर रही थीं. इन्होंने दो महिलाओं को सरेराह लूटने की कोशिश की. घटना  इमलीसर गुरुद्वारे के पास रविवार को हुई. अरदास कर लौट रहीं दो महिलाओं की गाड़ी को लड़कियों ने पहले टक्कर मारी और फिर चाकू लहराते हुए कहा- माल निकालो. वरना यहीं मार देंगे. शोर सुन आसपास खड़े लोगों ने उन्हें पकड़कर पुलिस को सौंप दिया. 

घटना के बाद जनता कॉलोनी निवासी गुरमीत कौर ने पुलिस को शिकायत की. पुलिस ने दोनों लड़कियों के खिलाफ अवैध वसूली का केस दर्ज किया है. दोनों के पास से एक फीट लंबा चाकू भी पुलिस ने बरामद कर लिया है. लड़कियों ने थाने में भी जमकर हंगामा किया. बाणगंगा में रहने वाली ये लड़कियां बंबई बाजार में चाय पीने के बोलकर घर से निकली थीं

सराफा टीआई सुनील शर्मा ने बताया कि पिछले दिनों 56 दुकान पर पिटाई का एक वीडियो वायरल हुआ था. इस वीडियो में एक लड़की पिटती हुई दिखाई दे रही है. इन पकड़ी गई दो लड़कियों में से ही एक लड़की पिट रही थी. शर्मा ने दोनों लड़कियों को बालिका इकाई में भेज दिया है.
परिजनों ने कहा- वे खुद परेशान

थाने में हंगामा कर रही लड़कियों के परिजनों को पुलिस ने बुला लिया. बताया जाता है कि दोनों एक ही मोहल्ले में रहती हैं और आए दिन हंगामा करती हैं. परिजनों ने पुलिस को बताया कि एक लड़की के पिता नहीं हैं. मोहल्ले में ऐसी करीब 10 लड़कियों का गैंग है, जो रातभर नशा करता है. ये दोनों पढ़ाई जरूर करती हैं, लेकिन स्कूल नहीं जातीं. गौरतलब है कि इंदौर शहर में अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे. पुलिस को एेसे कई मामले मिले हैं, जिनमें लड़कियां भी बराबर अपराध में लिप्त हैं.


अन्य सम्बंधित खबरें