मिस्ड कॉल से हो जाएगी एलपीजी सिलेंडर बुकिंग
ग्राहक अब सिर्फ एक मिस्ड कॉल देकर अपना एलपीजी सिलेंडर (LPG Cylinder) बुक करा सकते हैं। हालांकि, यह सुविधा अभी केवल इंडियन ऑयल की इंडेन (Indane) गैस के ग्राहकों को ही मिलेगी। इंडेन गैस के ग्राहक अब एलपीजी सिलेंडर भराने को लेकर बुकिंग महज एक मिस्ड कॉल देकर करा सकते हैं। इंडियन आयल ने बयान जारी करके कहा कि एलपीजी ग्राहक सिलेंडर भराने को लेकर देश में कहीं से भी एक मिस्ड कॉल 8454955555 पर करके गैस सिलेंडर बुक करा सकते हैं। कंपनी ने कहा कि इस सुविधा से ग्राहकों को बुकिंग के लिए कॉल करने में जो समय लगता था, उसकी बचत होगी। साथ ही ग्राहकों को कॉल के लिए कोई शुल्क भी नहीं देना पड़ेगा। जबकि, मौजूदा आईवीआरएस (IVRS) सिस्टम में ग्राहकों कॉल की सामान्य दरें लगती हैं।
ग्राहक अब अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से बिना पैसा खर्च किए मिस कॉल देकर सिलेंडर बुक कर सकेंगे। इंडियन ऑयल ने अपने बयान में कहा कि इस सुविधा से उन लोगों और बुजुर्गों को राहत मिलेगी, जो IVRS प्रणाली में खुद को सहज नहीं पाते थे। पेट्रोलियम मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने भुवनेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम में मिस्ड कॉल सुविधा की शुरूआत की।
ऑक्टेन 100 पेट्रोल पेश
धर्मेन्द्र प्रधान ने इस मौके पर दूसरे चरण के वैश्विक स्तर के प्रीमियम ग्रेड के पेट्रोल (ऑक्टेन 100) को भी पेश किया। इंडियन ऑयल इसकी बिक्री XP100 ब्रांड के तहत करेगी। इस मौके पर प्रधान ने कहा कि गैस एजेंसियां और वितरक यह सुनिश्चित करें कि LPG की डिलिवरी एक दिन से लेकर कुछ घंटों में हो जाए। उन्होंने यह भी कहा कि LPG के मामले मे देश ने लंबी यात्रा तय की है। एलपीजी कनेक्शन 2014 के पहले करीब 13 करोड़ लोगों को उपलब्ध थी। लेकिन उसके बाद 6 साल में यह 30 करोड़ लोगों तक पहुंच गया है।