70 सड़कें बंद, गाड़ियों में फंसे पर्यटकों का रेस्क्यू , हिमाचल में भारी बर्फबारी से आफत
हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी से मुश्किलें बढ़ गई हैं। नए साल का जश्न
मनाने पहुंचे पर्यटकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारी
बर्फबारी के बीच अटल सुरंग और सोलंग नाला के बीच सड़क पर करीब 500 पर्यटक
वाहनों में फंसे हुए हैं। जिन्हें निकालने के लिए मनाली प्रशासन की तरफ से
युद्धस्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। मौसम प्रतिकूल होने के कारण राहत और
बचाव कार्य में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
हिमाचल
के पहाड़ी इलाकों में मौसम के और ज्यादा खराब होने का अनुमान है। मौसम
विभाग के अनुसार, रविवार को भी राज्य के कई इलाकों में बारिश और बर्फबारी
हो सकती है। शनिवार क भी रोहतांग और जलोड़ी समेत अधिकतर ऊंचाई वाले इलाकों
में बर्फबारी हुई। वहीं, राजधानी शिमला, मनाली, डलहौजी में बारिश के कारण
जनजीवन प्रभावित रहा।
हिमाचल
में भारी बर्फबारी के कारण दो नेशनल हाईवे समेत कम से कम 70 छोड़ी-बड़ी
सड़कों पर आवाजाही ठप रही। मौसम विभाग ने 4 और 5 जनवरी को अधिकतर हिस्सों
में भारी बर्फबारी और बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया हुआ है। सात जनवरी
के बाद से प्रदेश में मौसम साफ रहने का अनुमान है, लेकिन तब भी पहाड़ों पर
बर्फ के पिघलने से गलन बरकरार रहेगी।
हिमाचल
में तीन से छह जनवरी तक शीतलहर चलने का पूर्वानुमान है। इस दौरान अधिकतम
तापमान में पांच से सात डिग्री की कमी दर्ज होगी। न्यूनतम तापमान भी चार से
पांच डिग्री रहने की संभावना है। शनिवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान में
सात से आठ डिग्री की कमी दर्ज हुई।