Lockdown लगभग ख़त्म फिर से अपराधो की शुरुआत, दिल्ली में मोब ल... - CG Sandesh

Lockdown लगभग ख़त्म फिर से अपराधो की शुरुआत, दिल्ली में मोब लिंचिंग से नवयुवक की मौत

अपराध के मामले दिनों-दिन बढ़ते जा रहे हैं। अभी हाल ही में जो मामला सामने आया है वह दिल्ली का है। पश्चिम दिल्ली के रघुबीर नगर में कुछ लोगों ने 27 वर्षीय व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। मृतक की पहचान सतेंद्र के रूप में हुई है, जो शिवाजी विहार की जनता कालोनी का रहने वाला था।

पुलिस के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरमियानी रात (1:30 बजे के आसपास) सतेंद्र और उसके दोस्तों नितिन तथा मनीष का विक्की नाम के व्यक्ति के साथ झगड़ा हुआ था। इसके बाद विक्की ने अपने साथियों के साथ मिलकर सतेंद्र पर हमला कर दिया। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दीपक पुरोहित ने बताया कि सतेंद्र को गुरु गोबिंद सिंह सरकारी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा, हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अपराध के पीछे के मकसद की भी जांच कर रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स में इस मामले में यह भी कहा जा रहा है कि विक्की और उसके साथी जब सतेंद्र को पीट रहे थे, तब एक PCR कॉल भी किया गया था। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़ाई को लेकर एक पीसीआर कॉल भी किया गया था, लेकिन पुलिस मौके पर नहीं पहुंच पाई। पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करने वाले ने बताया था कि कुछ लोग एक युवक की पिटाई कर रहे हैं। इसके बाद रात 3.38 बजे अस्पताल ने भी पुलिस को सतेंद्र की मौत की सूचना दी।

कुछ दिन पहले ही दिल्ली में रोहिणी के प्रेम नगर में एक व्यक्ति ने अपने सहकर्मी को महज कुछ पैसों के लिए मौत के घाट उतार दिया था। यही नहीं, हत्या के बाद आरोपी लाश को लेकर स्कूटर पर घूमता रहा था। उसकी तस्वीर CCTV में कैद हो गई थी। आरोपी अपने साथ काम करने वाले की हत्या कर उसकी लाश को ठिकाने लगाने के लिए जगह ढूंढ रहा था।



अन्य सम्बंधित खबरें