तीन राज्यों को छोड़कर पूरे देश में कल 3 घंटे चक्का जाम करेंग... - CG Sandesh

तीन राज्यों को छोड़कर पूरे देश में कल 3 घंटे चक्का जाम करेंगे किसान, कांग्रेस ने दिया समर्थन

नए कृषि कानूनों के खिलाफ करीब ढाई माह से जारी आंदोलन के बीच कल किसान देश भर में चक्का जाम करेंगे। वहीं, किसी अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन भी तैयारी में जुटा हुआ है। भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपने-अपने जगहों पर कल चक्का जाम शांतिपूर्ण तरीके से करेंगे। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि कल यानी 6 फरवरी सिर्फ 2 राज्यों में चक्का जाम नहीं होगा। ये 2 राज्य हैं- उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड। इन 2 राज्यों और दिल्ली को छोड़कर पूरे देश में चक्का जाम होगा।

किसान नेता राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्का जाम करने की घोषणा कर चुके हैं। वहीं इस पर दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि चक्का जाम को लेकर हमसे किसी भी किसान नेता ने संपर्क नहीं किया है, लेकिन दिल्ली, यूपी और हरियाणा पुलिस इसको लेकर काफी गंभीर है। दरअसल शनिवार होने के कारण हाईवे पर अच्छी खासी वाहनों की भीड़ होती है। 26 जनवरी की हिंसा से काफी लोग आंदोलन को लेकर गुस्सा भी हैं। ऐसे में पुलिस बेहद सतर्कता बरत रही है।  दिल्ली पुलिस पीआरओ ने कहा कि पूरे देश में कल किसानों का तीन घंटे का चक्का जाम होने वाला है, उसके मद्देनज़र हमने दिल्ली की सभी बॉर्डर पर सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की है। हालांकि किसानों ने कहा कि वे दिल्ली में ऐसा कुछ नहीं कर रहे हैं लेकिन 26 जनवरी को जो हुआ उसके मद्देनज़र हमने ऐसा किया है।

कांग्रेस ने किया 'चक्का जाम' का समर्थन

कांग्रेस पार्टी ने कल किसान संगठनों द्वारा किए जाने वाले 'चक्का जाम' का समर्थन किया है। दिल्ली में हरियाणा के कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बैठक में हमने किसानों के आंदोलन का समर्थन करने की बात कही है। हमारी पार्टी का निर्णय है कि नए कृषि क़ानून वापस होने चाहिए। कांग्रेस किसानों के साथ है।


अन्य सम्बंधित खबरें