आईपीएल के आयोजन पर उठ रहे हैं सवाल...कोरोना के बीच शुरू होगी... - CG Sandesh

आईपीएल के आयोजन पर उठ रहे हैं सवाल...कोरोना के बीच शुरू होगी एक और टी20...इधर IPL 2021 से खिलाड़ियों और अधिकारियों के हटने का सिलसिला जारी....

तमिलनाडु क्रिकेट संघ (TNCA) ने बुधवार को घोषणा की है कि तमिलनाडु प्रीमियर लीग (TNPL) का पांचवां सीजन 4 जून से खेला जाएगा. टीएनसीए ने कहा कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में टूर्नामेंट के आयोजन को स्वीकृति दे दी है. देश में कोरोना के बढ़ते केस के बीच आईपीएल के आयोजन पर सवाल उठ रहे हैं, लेकिन देश में कोरोना के बीच एक और टी20 लीग शुरू होने जा रही है.

टीएनसीए के सचिव आरएस रामास्वामी ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘टीएनसीए को यह घोषणा करते हुए खुशी है कि बीसीसीआई ने टीएनपीएल 2021 टूर्नामेंट के आयोजन को स्वीकृति दे दी है. तमिलनाडु सरकार से जरूरी स्वीकृतियां लेने के बाद टूर्नामेंट 4 जून से तिरुनेलवेली में शुरू होगा और फाइनल 4 जुलाई को सलेम में खेला जाएगा.’ कुल 8 टीमें टूर्नामेंट में उतरेंगी. आईपीएल के मुकाबले 9 अप्रैल से शुरू हुए हैं. फाइनल 30 मई को खेला जाएगा. देश में भले ही आईपीएल का आयोजन हो रहा है. लेकिन अन्य खेलों की गतिविधियां पूरी तरह से बंद हैं. छोटे-छोटे खेल संघों के पास इतना बजट नहीं है कि वे खिलाड़ियाें और अधिकारियों के लिए बायो बबल बना सकें. बीसीसीआई दुनिया का सबसे अमीर बोर्ड है. इस कारण वह आयोजन अच्छे से कर पा रहा है. देश में होने वाले कई नेशनल और इंटरनेशनल इवेंट भी स्थगित हो चुके हैं. ओलंपिक की तैयारी को भी झटका लगा है.

कोरोना के कारण टीएनपीएल का आयोजन पिछले साल नहीं हो सका था. बीसीसीआई को आईपीएल का आयोजन देश के बाहर यूएई में कराना पड़ा था. अब तक हुए चार सीजन की बात की जाए तो चेपॉक ने सबसे ज्यादा दो बार खिताब जीता है. टी20 लीग के विजेता को 1 करोड़ रुपए की प्राइज मनी दी जाती है. इस टी20 लीग से कई बड़े खिलाड़ी आईपीएल को मिले हैं.

आईपीएल 2021 (IPL 2021) से खिलाड़ियों और अधिकारियों के हटने का सिलसिला जारी है. पिछले दिनों कोविड-19 (Covid-19) से डर के ऑस्ट्रेलिया के तीन खिलाड़ी हट गए थे. अब एलीट पैनल के दो अंपायर्स नितिन मेनन (Nitin menon) और पॉल राइफल (paul reiffel) निजी कारणों से टी20 लीग से हटने का फैसला किया है. 9 अप्रैल से शुरू हुआ आईपीएल 30 मई तक चलेगा.

इंडियन एक्सप्रेस की खबर के अनुसार, नितिन मेनन अपने घर इंदौर चले गए हैं. उनकी मां और पत्नी कोरोना संक्रमित हैं. दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के पॉल राइफल ऑस्ट्रेलियाई सरकार द्वारा भारत की उड़ानों पर रोक की चिंता के बीच कुछ दिन पहले स्वदेश चले गए. बोर्ड के एक अधिकारी ने कहा, ‘नितिन मेनन का एक छोड़ा बच्चा है. क्योंकि उनकी मां और पत्नी संक्रमित हो गई हैं. दूसरी ओर राइफल को सरकार की ओर से फ्लाइट पर लगाई गई बंदिश से परेशानी थी. हालांकि हमारे पास कई घरेलू अंपायर हैं, जो इन दोनों के मैच में उतरेंगे.’ पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा, केन रिचर्डसन और एंड्रयू टाय ने ऑस्ट्रेलिया जाने का फैसला किया था. इतना ही नहीं भारतीय ऑफ स्पिनर आर अश्विन भी परिवार के साथ समय बिताने टी20 लीग से हट गए हैं. इंग्लैंड के लियाम लिविंग्स्टोन बायो बबल के कारण थक गए थे और वापस स्वदेश लौटने का फैसला किया था. मेनन और राइफल पहले दो मैच अधिकारी हैं, जो टी20 लीग से हटे हैं.इससे पहले मंगलवार को बीसीसीआई ने मंगलवार कहा था कि वह आईपीएल में भाग ले रहे खिलाड़ियों को लेकर चिंतित है. टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद बिना किसी रुकावट के खिलाड़ियों की स्वदेश वापसी सुनिश्चित करने के लिए बोर्ड हर संभव प्रयास करेगा. बीसीसीआई सीओओ हेमांग अमीन ने खिलाड़ियों को संबोधित पत्र में कहा, ‘हम जानते हैं कि आप में से कई इस बात को लेकर आशंकित हैं कि टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद स्वदेश कैसे लौटेंगे. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.’


अन्य सम्बंधित खबरें