देश में एक दिन में रिकॉर्ड 3.87 लाख लोग पॉजिटिव - CG Sandesh

देश में एक दिन में रिकॉर्ड 3.87 लाख लोग पॉजिटिव

भारत में कोरोना वायरस की दूसरी लहर का कह जारी है। हर दिन कोरोना के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है और अब डेली केसों का आंकड़ा करीब 4 लाख छूने को है। देश में गुरुवार को एक दिन में कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 386,888 मामले दर्ज किए गए, जिसके बाद संक्रमण के कुल मामले 1,87,54,984 हो गए। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, उपाचाराधीन मरीजों की संख्या 30 लाख के पार पहुंच गई है।

मंत्रालय की वेबसाइट के मुताबिक, गुरुवार को एक दिन में 3501 लोगों की मौत होने के बाद इस घातक बीमारी के मृतकों की संख्या 2,08,313 हो गई है। हालांकि, बुधवार के आंकड़ों से इसकी तुलना की जाए तो थोड़ी राहत दिख रही है। बुधवार को 24 घंटे के दौरान 3647 मौतें दर्ज की गई थीं, मगर आज यह आंकड़ा घटकर 3501 पर आया है।

संक्रमण से मौत की दर घटी:

लगातार मामले बढ़ने के बीच देश में उपाचाराधीन मरीजों की संख्या 31,64,825 हो गई है जो संक्रमण के कुल मामलों का 16.79 प्रतिशत है। जबकि कोविड-19 से स्वस्थ होने की राष्ट्रीय दर घटकर 82.10 प्रतिशत हो गई है। आंकड़ों के मुताबिक बीमारी से स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या 1,53,73,765 हो गई है। संक्रमण से मौत होने की दर घटकर 1.11 प्रतिशत हो गई है।

देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या पिछले साल सात अगस्त को 20 लाख को पार कर गई थी। वहीं कोविड-19 मरीजों की संख्या 23 अगस्त को 30 लाख, पांच सितंबर को 40 लाख और 16 सितंबर को 50 लाख के आंकड़े को पार कर गई थी। इसके बाद 28 सितंबर को कोविड-19 के मामले 60 लाख, 11 अक्तूबर को 70 लाख, 29 अक्तूबर को 80 लाख, 20 नवंबर को 90 लाख, 19 दिसंबर को एक करोड़ और 19 अप्रैल को कोविड-19 के मामले 1.5 करोड़ से अधिक हो गए थे।


अन्य सम्बंधित खबरें