NHAI ने दी बड़ी राहत, ऑक्सीजन ले जा रहे टैंकरों को किया टोल-फ्री
नई दिल्ली. भारत में कोविड-19 का भयावह कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है. पिछले तीन दिनों से लगातार 4 लाख से अधिक कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं. वहीं, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण यानी एनएचएआई ने शनिवार को कहा कि पूरे देश में नेशनल हाईवे से लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन यानी की ढुलाई करने वाले टैंकरों और कंटेनरों को टोल फीस से मुक्त कर दिया गया है.
एक बयान के मुताबिक कोविड-19 महामारी के दौरान देश में मेडिकल ऑक्सीजन की अभूतपूर्व मांग को ध्यान में रखते हुए ऑक्सीजन की ढुलाई करने वाले कंटेनरों को एंबुलेंस जैसे अन्य आपातकालीन वाहनों के समान माना जाएगा और उन्हें दो महीने के लिए या अगले आदेश तक यह छूट दी गई है.
एनएचएआई ने कहा, ''नेशनल हाईवे पर लिक्विड मेडिकल ऑक्सीजन ले जाने वाले टैंकरों और कंटेनरों को निर्बाध रास्ता देने के लिए टोल प्लाजा पर ऐसे वाहनों को शुल्क में छूट दी गई है.'' एनएचएआई ने कहा कि हालांकि फास्टैग को लागू किए जाने के बाद टोल प्लाजा पर लगभग शून्य प्रतीक्षा समय है, लेकिन वह पहले से ही मेडिकल ऑक्सीजन के तेजी से और निर्बाध परिवहन के लिए ऐसे वाहनों को प्राथमिकता दे रहा है.
गौरतलब है कि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, बीते 24 घंटे में देश में कोविड-19 से रिकॉर्ड 4,187 मरीजों की मौत होने के बाद मृतक संख्या 2,38,270 पर पहुंच गई है जबकि 4,01,078 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमण के कुल मामले बढ़कर 2,18,92,676 हो गए हैं.