चक्रवाती तूफान ताैकते गुजरात की ओर बढ़ा, 175 KM प्रति घंटा हो... - CG Sandesh

चक्रवाती तूफान ताैकते गुजरात की ओर बढ़ा, 175 KM प्रति घंटा होगी रफ्तार

चक्रवाती तूफान ताैकते तेज होने के बाद गुजरात, दमन दीव, दादरा और नगर हवेली की ओर मुड़ गया है। इसके चलते कई राज्यों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक यह गुजरात के वेरावल और पोरबंदर के बीच मांगरोल के पास तट से टकराएगा। आशंका जताई जा रही है कि महाराष्ट्र, केरल और गुजरात के तटों पर तीन दिनों तक इस चक्रवाती तूफान का असर देखने को मिल सकता है।

विभाग के अनुसार तूफान के दौरान 150 से 160 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। एनडीआरएफ (राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल) ने राहत और बचाव के लिए तैनात टीमों की संख्या 53 से बढ़ाकर 100 कर दी है। इनमें कुल 4,700 बचावकर्मी शामिल हैं। एनडीआरएफ के महानिदेशक एसएन प्रधान ने कहा कि बचाव टीमें केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में तैनात हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि तूफान गुजरात के साथ केन्द्र शासित दमन दीव और दादरा और नगर हवेली में तबाही मचा सकता है। तूफान के कारण केरल, तमिलनाडु में बाढ़ का खतरा पैदा होने के साथ कर्नाटक, गोवा और महाराष्ट्र में भारी बारिश की संभावना है।

केरल में 71 राहत शिविर बनाए गए हैं। इनमें करीब दो हजार लोगों ने पनाह ली है। अकेले राजधानी तिरुवनंतपुरम में 293 परिवारों के 1,128 लोग राहत शिविरों में रह रहे हैं। पर्वतीय जिलों इडुक्की में कलारकुट्टी, मलंकारा और भूथाथंकेट्टू बांध के द्वार खोल दिए गए हैं। राज्य के सबसे पुराने समुद्री पुल वलियाथुरा में दरार आ गई है। पुल का प्रवेश द्वार बंद कर दिया गया है। वहां पुलिस तैनात कर दी गई है।

तूफान का मुंबई में ज्यादा असर नहीं
मौसम विभाग ने कहा कि ताैकते का मुंबई में ज्यादा असर नहीं होगा। लेकिन इससे शहर में तेज हवाएं चल सकती हैं। साथ ही बारिश हो सकती है। तूफान और तेज होकर उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ेगा। यह 18 मई को पोरबंदर और नलिया में गुजरात तट को पार कर सकता है। इससे गुजरात के तटीय क्षेत्र और कोंकण में मध्यम या भारी बारिश हो सकती है। इसके साथ ही हवाएं भी 175 किमी की रफ्तार से चलने की आशंका है।


अन्य सम्बंधित खबरें