केंद्र ने कहा -छत्तीसगढ़ समेत 13 राज्यों में पीक पार, देश में... - CG Sandesh

केंद्र ने कहा -छत्तीसगढ़ समेत 13 राज्यों में पीक पार, देश में कोरोना महामारी सिकुड़ रही

देश के छत्तीसगढ़, दिल्ली, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, गुजरात, मध्यप्रदेश कोरोना की दूसरी लहर की पीक पार कर चुके हैं। इनके साथ ही कर्नाटक, झारखंड, राजस्थान, केरल, सिक्किम, उत्तराखंड और हरियाणा ने भी पीक पार कर लिया है। नीति आयोग के सदस्य डॉक्टर वीके पॉल ने मीडिया से कहा कि देश में कोरोना महामारी सिकुड़ रही है। लेकिन देश की 98% आबादी पर खतरा अब भी बरकरार है। देश में कोरोना की रिप्रोडक्शन वैल्यू एक से नीचे है। इसके कम होने का मतलब यह है कि देश में कोरोना महामारी सिकुड़ रही है। कई राज्यों में संक्रमण स्थिर है। कोरोना टेस्ट और रोकथाम के उपायों से यह हुआ है।
पॉल ने कहा कि अमेरिका की 10.1%, ब्राजील की 7.3%, फ्रांस की 9% और इटली की 7.4% आबादी कोरोना संक्रमित हुई थी।’ इसके पहले स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि अब तक देश के 1.8% लोग कोरोना संक्रमित हुए हैं। लेकिन 98% से ज्यादा आबादी पर अब भी खतरा बना है। उन्हें सतर्क रहना होगा।

*दुनिया में एक दिन में सबसे ज्यादा मौत वाला देश बना भारत*
कोरोना से सबसे अधिक एक दिनी मौत के मामले में ब्राजील को पछाड़ने के एक दिन बाद भारत ने अमेरिका को भी पीछे छोड़ दिया है। मंगलवार को देश में एक दिन में सबसे अधिक 4,519 मौतें दर्ज की गईं। कोरोना से एक दिन में सबसे अधिक मौतें अमेरिका में हुई थीं। वहां 12 जनवरी 2021 को 4,448 मौतें दर्ज की गई थीं। वहीं ब्राजील में 6 अप्रैल 2021 को एक दिन की सबसे अधिक 4,211 मौतें हुई थीं। मंगलवार को ही सबसे ज्यादा 1291 मौतें अकेले महाराष्ट्र में हुईं। यह किसी राज्य में कोरोना से होने वाली मौतों का सबसे बड़ा आंकड़ा है।



अन्य सम्बंधित खबरें