अगर आप जानना चाहते हैं कि अभी आपका आधार कहां-कहां यूज हो रहा है तो इसका तरीका बेहद आसान
आधार ने काम जितना आसान कर दिया है, यह उतना ही जोखिमभरा हो सकता है। बैंक, राशन, मोबाइल, डीएल, पैन, वैक्सीनेशन और जाने कितनी जगहों पर आपका आधार नंबर इस्तेमाल होता है। अगर आप जानना चाहते हैं कि अभी आपका आधार कहां-कहां यूज हो रहा है तो इसका तरीका बेहद आसान है।
सबसे पहले आप https://resident.uidai.gov.in वेबसाइट खोलिए और आधार ऑथेंटिकेशन हिस्ट्री पेज पर जाने के लिए लिंक पर क्लिक करें. अब आप अपना आधार नंबर और सिक्यॉरिटी कोड भरिए।
इसके बाद 'Generate OTP' पर क्लिक करना होगा. इसके बाद मोबाइल पर OTP प्राप्त होगा। इसके लिए जरूरी है कि UIDAI वेबसाइट पर आपका मोबाइल नंबर पहले से सत्यापित हो।
ओटीपी डालने के बाद कुछ और विकल्प दिखाई देंगे, इनमें सूचना की अवधि और ट्रांजैक्शंस की संख्या बतानी होगी।
अपना OTP भरने के बाद 'Submit' पर क्लिक करें. चुनी गई अवधि में ऑथेंटिकेशन अनुरोध की तारीख, समय और प्रकार पता चल जाएगा. हालांकि, पेज से यह पता नहीं चलेगा कि ये अनुरोध किसने किया है।
क्या है आधार लॉक या अनलॉक की प्रक्रिया?
रेजिडेंट पोर्टल पर जाकर My Adhaar के सेक्शन में जाएं और आधार सर्विसेज में Lock & Unlock पर क्लिक करें। इसमें UID लॉक रेडियो बटन पर क्लिक करें और आधार नंबर डालें। इसके बाद इसमें पूरा नाम, पिनकोड और लेटेस्ट डिटेल डालने के बाद सिक्योरिटी कोड भरना होगा। इसके बाद ओटीपी के लिए क्लिक करें या TOTP को सेलेक्ट कर सबमिट बटन पर क्लिक करें।