बिना मास्क के बैंक पहुंचा रेलवे कर्मचारी तो गार्ड ने मार दी ... - CG Sandesh

बिना मास्क के बैंक पहुंचा रेलवे कर्मचारी तो गार्ड ने मार दी गोली.

उत्तर प्रदेश के बरेली में स्टेशन रोड पर बैंक ऑफ बड़ौदा के गार्ड ने एक ग्राहक को गोली मार दी. गोली लगने से जख्मी हुए राजेश उत्तर रेलवे के टेलिकॉम विभाग में कार्यरत हैं। गोली उनके पैर में लगी और उनकी हड्‌डी टूट गई।

जानकारी के अनुसार गार्ड ने पहले ग्राहक को मास्क नहीं लगा होने पर एंट्री नहीं दी। इसके बाद जब ग्राहक मास्क लगाकर पहुंचा तो गार्ड ने कहा कि पासबुक में एंट्री लंच के बाद होगी। और बहस करने पर गार्ड ने गोली मार दी। और गोली चलने से बैंक में हड़कंप मच गया।

राजेश सुबह ड्यूटी से लौटकर पासबुक में एंट्री करवाने बैंक गया और मास्क लगाना भूल गया, जहाँ बैंक में घुसते ही गार्ड केशव प्रसाद मिश्रा (45) ने उसे रोका और मास्क लगाने के लिए कहा।
इसके बाद राजेश दोबारा बैंक से नीचे उतरे और गाड़ी से मास्क लेकर बैंक पहुंचे, लेकिन गार्ड ने उन्हें दोबारा से यह कहकर रोक दिया कि पासबुक एंट्री अब लंच के बाद होगी। राजेश बार-बार कहते रहे कि उन्हें सिर्फ पासबुक एंट्री करवानी है, ज्यादा कुछ काम नहीं है। इसी बात पर थोड़ी सी बहस बढ़ी और गार्ड ने बंदूक उठाकर गोली मार दी। गोली राजेश के पैर में लगी।

इसके बाद राजेश बैंक में ही घायल पड़े रहे, लेकिन किसी ने उन्हें उठाया तक नहीं। न परिजनों को सूचना दी गई, न पुलिस को। राजेश की बेटी ने जब अपने पापा को फोन लगाया तो राजेश ने कहा कि उन्हें बैंक ऑफ बड़ौदा में गार्ड ने गोली मार दी है। यह सुनते ही परिवार के होश उड़ गए। और उसकी पत्नी प्रियंका भागते-भागते बैंक पहुंची। वहां पर राजेश जख्मी हालत में पड़े हुए थे। उन्होंने किसी तरह पुलिस को सूचना दी, तब तक रेलवे के अन्य कर्मचारी भी बैंक पहुंच गए।

वहीं कर्मचारियों की माने तो गार्ड गोली मारने के बाद भी अपनी जिद पर अड़ा रहा। वह राजेश से बोलता रहा कि तेरे पैर में नहीं बल्कि सीने में गोली मारनी चाहिए थी। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने बैंक ऑफ बड़ौदा के गार्ड को गिरफ्तार कर लिया है। घायल राजेश का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। उनके पैर की हड्डी टूटी हुई बताई जा रही है। फिलहाल, उन्हें ऑपरेशन के लिए ले जाया गया है।


अन्य सम्बंधित खबरें