दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते पानी में डूबे एक ही परिवार के तीन... - CG Sandesh

दर्दनाक हादसा: खेलते-खेलते पानी में डूबे एक ही परिवार के तीन बच्चे

मध्य प्रदेश के शाजापुर में आज सुबह-सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। जिला मुख्यालय से लगभग 25 किलोमीटर दूर सलसलाई थाना क्षेत्र में एक ही परिवार के तीन बच्चों की पानी से भरे एक गड्ढे में डूबने से मौत हो गई । गुलाना पुलिस चौकी के प्रभारी तकेसिंह धूलिया ने शनिवार को बताया कि दो बहनें अपने ममेरे भाई के साथ घर के पास ही खेल रहीं थी और इसी दौरान बच्चे बारिश के पानी से भरे गड्ढे में गिर गए जिससे अरमान (8) ज्योति (8) व वंदना (6) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि बच्चियां मोहनबड़ोदिया गांव की रहने वाली थीं और अपने मामा के घर आई थीं। शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन को सौंप दिए गए हैं।

वहीँ मामले में खेत मालिक की बड़ी लापरवाही सामने आई है। पुलिस चौकी प्रभारी धुलिया ने बताया कि खेत मालिक ने अतिक्रमण और पशुओं का खेत में प्रवेश रोकने के लिए खंती (नाला) खोद रखा था। खेत मालिक ने नाले के आसपास सुरक्षा के कोई इंतजाम नही किए। जिसके कारण यह गंभीर हादसा सामने आया है। मामले में मृतकों के स्वजन और ग्रामीणों के बयान लिए जा रहे हैं। इसके बाद नियमानुसार खेत मालिक पर कार्रवाई की जाएगी।

मामले में स्पष्ट तौर पर खेत मालिक की लापरवाही सामने आ रही है जिससे उस पर प्रकरण दर्ज होना तय है। खेत मालिका का नाम हरिनारायण पुत्र दरियाव सिंह पाटीदार बताया जा रहा है। खंती करीब 30 फीट लंबी और आठ फीट चौड़ी व साढ़े चार फीट गहरी थी।


अन्य सम्बंधित खबरें