500 रुपये में बनाया जा रहा था आधार कार्ड, गांव वालों की शिकायत पर हुई गिरफ्तारी
बंगाल के बांकुड़ा जिले में फर्जी आधार कार्ड बनाए जाने का मामला सामने आया है। गांव वालों की शिकायत किए जाने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शिकायत के बाद आरोपित युवक को रंगे हाथ दबोच लिया। उसके पास से पुलिस ने आधार कार्ड बनाने वाली मशीन के साथ ही अन्य दस्तावेज भी बरामद किए हैं। ये मामला बांकुड़ा के विष्णुपुर थाना क्षेत्र के मंड़ार गांव का है।
पुलिस गिरफ्त में आए आरोपित युवक का नाम सजल पांजा बताया गया है। वह सोनमुखी गांव का रहने वाला है। पुलिस ने बताया कि शनिवार को मंड़ार गांव में आरोपित युवक सजल पांजा आया था। आरोप है कि गांव के लोगों से 500 से 600 रुपये लेकर वह उनके आधार कार्ड बना रहा था।
बड़ी संख्या में आधार बनाने पहुंचे थे लोग
गांव की रहने वाली आशपिया मंडल नाम की महिला ने बताया कि उसका आधार कार्ड नहीं बन पा रहा था। जब उसे सजल पांजा के बारे में जानकारी हुई, तो वो भी आधार कार्ड बनवाने के लिए वहां पहुंच गई। आरोपित द्वारा वोटर कार्ड, पंचायत प्रधान का सर्टिफिकेट लिया जा रहा था। इसके साथ ही 500 से 600 रुपये लेकर आधार कार्ड तैयार किया जा रहा था। आशपिया जैसे ही कई लोग यहां पर आधार कार्ड बनवाने के लिए पहुंचे थे।
इस मामले में विष्णुपुर एसडीपीओ कुतुबुद्दीन खान ने बताया कि आरोपित सजल पांजा द्वारा पैसे वसूल करके लोगों के आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। गांव वालों की सूचना के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।