बड़ी बहन से छेड़खानी की तो छोटी बहन ने सिखाया मनचलों को सबक, ब... - CG Sandesh

बड़ी बहन से छेड़खानी की तो छोटी बहन ने सिखाया मनचलों को सबक, बीच सड़क पर जमकर की पिटाई

औरंगाबाद के सुतगिरनी चौक में लड़की को छेड़ना दो युवकों को भारी पड़ गया। दो युवकों ने एक लड़की को छेड़ा तो उसकी छोटी बहन ने युवकों को पीट दिया। लड़की का उग्र रूप देखकर के एक युवक मौके से भाग निकला।

लड़कियों को छेड़ना दो युवकों को भारी पड़ गया। दोनों को ऐसा सबक सिखाया जो उन्हें यह लंबे समय तक याद रहेगा। लड़कियों में से पीड़ित युवती चुप रही, लेकिन उसकी छोटी बहन से यह देखा नहीं गया। उसने युवकों पर ऐसा हमला बोला कि दोनों अपनी जान बचाकर भागते नजर आए। इस पूरे मामले का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है।

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में सुतगिरनी चौक के पास की घटना को देखकर हर कोई स्तब्ध रह गया। यहां बाइक सवार दो युवकों ने वहां से गुजर रही एक लड़की को रोका और उसके साथ छेड़खानी शुरू कर दी। इससे लड़की बुरी तरह से डर गई। हालांकि उसी वक्त पीड़ित की छोटी बहन वहां पहुंच गई।

अपनी बड़ी बहन को मुसीबत में देखकर के छोटी बहन बिना डरे मनचलों से भिड़ गई। लड़की को गुस्से में देखकर युवकों को समझ ही नहीं आया कि अब उससे कैसे निपटें। लड़की का उग्र रूप देखकर के एक आरोपी मौके पर ही अपनी बाइक छोड़कर भाग निकला। वहीं दूसरे युवक को लड़की ने पकड़ लिया।

लड़की ने की युवक की पिटाई

इसके बाद पीड़ित लड़की की छोटी बहन ने आरोपी युवक को बीच बाजार पीटना शुरू कर दिया। लड़की के हाथों मनचले की पिटाई देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। साथ ही कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया और यह वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

लड़की के साहस की हो रही तारीफ

बहुत से लोग लड़की के साहस की तारीफ कर रहे हैं। कई लोगों ने लिखा है कि ऐसे लोगों से डरने की बजाय सामना करना ही बेहतर होता है। वीडियो में नजर आता है कि छोटी बहन को शांत करने के लिए बड़ी बहन को काफी कोशिश करनी पड़ती है। वह मनचलों की इस हरकत से बेहद नाराज थी और उसका गुस्सा शांत होने का नाम ही नहीं ले रहा था। हालांकि किसी तरह से उसे शांत कराया गया।


अन्य सम्बंधित खबरें