ऑनलाइन क्लास में पॉर्न वीडियो चलाने के मामले में FIR दर्ज, कॉलेज के प्रोफेसर ने अज्ञात लोगों के खिलाफ की शिकायत
मुंबई में ऑनलाइन क्लास के दौरान पॉर्न वीडियो चलाए जाने के मामले में एक एफआईआर दर्ज की गई है. यह FIR कॉलेज के एक प्रोफेसर की शिकायत के बाद जुहू पुलिस ने दर्ज की है. अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ आईपीसी और आईटी एक्ट की कई धाराओं में मामला दर्ज किया गया है.
पिछले हफ्ते मुंबई के विले पार्ले में कॉलेज की ऑनलाइन क्लास के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने एक अश्लील वीडियो चला दिया था. जिलकी वजह से सभी को बहुत ही शर्मिंदगी उठानी पड़ी थी. अब प्रोफेसर की शिकायत के बाद जुहू पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है. दरअसल कोरोना महामारी की वजह से इन दिनों बच्चों का कॉलेज जाना संभव नहीं हो पा रहा है. यही वजह है कि ऑनलाइन माध्यम से घरों में ही उन्हें पढ़ाया जा रहा है.
मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन के सीनियर अधिकारी ने बताया कि यह घटना चार दिन पहले हुई थी. कॉलेज के प्रोफेसर की शिकायत पर शरारती तत्वों के खिलाफ 292,570 समेत कई धाराओं में FIR दर्ज की गई है. पुलिस के साथ ही साइबर सेल के अधिकारी भी आरोपियों की तलाश कर रहे हैं.
बतादें कि इस तरह का ये कोई पहला मामला नहीं है. पहले भी इस तरह की खबरें कई जगहों से सामने आ चुकी हैं. ऑनलाइन क्लास के दौरान टीचर्स के साथ बत्तमीजी और स्टूडेंट्स के साथ अश्लील हरकतों की खबरें भी सामने आ चुकी हैं.