पहली बार एकसाथ इतने सारे बैंकों पर RBI ने लगाई पेनाल्टी...बंधन बैंक, स्टेट बैंक, इंडसइंड बैंक सहित 14 बैंकों पर 50 लाख रुपए से लेकर 2 करोड़ रुपए तक की पेनाल्टी....
रिजर्व बैंक ने 7 जुलाई को 14 बैंकों पर जुर्माना लगाया है। जिन बैंकों पर जुर्माना लगाया गया है उनमें बंधन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक भी शामिल है। इन बैंकों पर आरोप है कि इन्होंने नियमों का उल्लंघन किया है। इन बैंकों पर 50 लाख रुपए से लेकर 2 करोड़ रुपए तक की पेनाल्टी लगाई गई है।
RBI की तरफ से जारी रिलीज में बताया गया है, "बैंकों ने जिन नियमों का उल्लंघन किया है उनमें NBFC को लोन देने और NBFC को बैंक फाइनेंस करने से जुड़े नियमों की अनदेखी करना शामिल है।" ऐसा पहली बार है जब RBI ने एकसाथ इतने सारे बैंकों पर पेनाल्टी लगाई है।
RBI ने कहा है, "बैंकों में लार्ज कॉमन एक्सपोजर्स की सेंट्रल रिपॉजिटरी, सेंट्रल रिपॉजिटरी ऑफ इनफॉरमेशन ऑन लार्ज क्रेडिट्स (CRILC) की रिपोर्टिंग, स्मॉल फाइनेंस बैंक की ऑपरेटिंग गाइडलाइंस से जुड़े नियमों का बैंकों ने अनदेखी की है।" इसके साथ ही बैंकों ने बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट-1949 के सेक्शन 19(2) और सेक्शन 20(1) का उल्लंघन किया है।
जिन दूसरे बैंकों पर RBI ने पेनाल्टी लगाई है उनमें बैंक ऑफ महाराष्ट्र, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, क्रेडिट सुईस, इंडियन बैंक, इंडसइंड बैंक, कर्नाटक बैंक, करूर वैश्य बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, साउथ इंडियन बैंक, जेएंडके बैंक और उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक शामिल है।