सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्... - CG Sandesh

सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज

चंडीगढ़ में जाने-माने फिल्म स्टार सलमान खान और उनकी बहन अलवीरा के खिलाफ एक कारोबारी ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में सलमान खान, उनकी बहन अलवीरा खान और उनकी संस्‍था बीइंग ह्यूमन से जुड़े 7 अन्य लोगों को समन भेजा है। अरुण गुप्ता नाम के एक व्‍यापारी ने अपनी शिकायत में कहा है कि बीइंग ह्यूमन कंपनी ने चंडीगढ़ में उनसे तीन करोड़ की लागत से एक शोरूम खुलवाया। लेकिन इससे संबंधित उत्पाद कभी नहीं भेजे। कंपनी की वेबसाइट भी बंद पड़ी है। चंडीगढ़ पुलिस ने इस मामले में सलमान खान समेत 7 लोगों को समन भेजा है और 13 जुलाई तक जवाब देने को कहा है। चंडीगढ़ के एसपी के मुताबिक अगर उन्होंने जवाब नहीं दिया या कुछ गड़बड़ी पाई गई, तो मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी। 

व्यापारी अरुण गुप्ता के मुताबिक, बिग बॉस के सेट पर उनकी सलमान से मुला‍कात भी हुई थी और सलमान ने कंपनी खोले जाने पर हर तरह की मदद का भरोसा दिया था। शिकायतकर्ता ने पुलिस को इससे जुड़ा एक वीडियो भी भेजा है। व्यापारी का आरोप है कि सलमान ने ये भी कहा था कि वह शोरूम के उद्घाटन पर आयेंगे लेकिन बाद में बिजी होने का हवाला देते हुए वो नहीं आ पाये। अरुण गुप्ता ने आरोप लगाया कि शोरूम खोलने के बाद उन्हें कोई स्टॉक नहीं मिला। उन्होंने इस बारे में बीइंग ह्यूमन के कर्मचारियों से भी बात की लेकिन डेढ़ साल बाद भी उन्हें कोई सामान नहीं मिला। फिलहाल पुलिस इस मामले की पूरी छानबीन में जुटी है।


अन्य सम्बंधित खबरें