सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियो के लिए मुआवजे की मांग.... - CG Sandesh

सभी आयु वर्ग के खिलाड़ियो के लिए मुआवजे की मांग....

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के घरेलू क्रिकेट के लिए नवगठित वर्किंग ग्रुप के सदस्य सौराष्ट्र के जयदेव शाह को लगता है कि सिर्फ रणजी खिलाड़ियों को ही नहीं बल्कि सभी आयु वर्ग के क्रिकेटरों को पिछले सत्र में मैच नहीं होने का मुआवजा मिलना चाहिए. सौराष्ट्र के पूर्व कप्तान जयदेव ने कहा कि क्रिकेटरों को किस तरह मुआवजा दिया जाएगा और इसकी राशि कितनी होगी. इस पर फैसला बीसीसीआई सचिव जय शाह और अध्यक्ष सौरव गांगुली के साथ विचार-विमर्श करने के बाद ही कार्यसमूह द्वारा किया जाएगा.

जयदेव शाह ने कहा, ‘कार्यसमूह अभी गठित किया गया है और हम जय भाई (बीसीसीआई सचिव) के मार्गदर्शन में काम करेंगे. अभी तक कोई समय-सीमा तय नहीं की गई है, लेकिन मुझे लगता है कि मुआवजे की राशि भले ही कितनी भी हो, लेकिन इसे सभी आयु वर्ग के क्रिकेटरों को दिया जाना चाहिए.’ पैनल के अन्य सदस्य पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन, कर्नाटक के संतोष मेनन, असम के देवाजीत साइकिया, बंगाल क्रिकेट संघ अध्यक्ष अभिषेक डालमिया, उत्तर प्रदेश के युद्धवीर सिंह और दिल्ली के रोहन जेटली हैं.
घरेलू क्रिकेटर प्रत्येक सत्र में 15 से 16 लाख रुपए की कमाई करते हैं, लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण पिछला रणजी सत्र रद्द करना पड़ा था, जो इस टूर्नामेंट के 87 वर्ष के इतिहास में पहली बार हुआ था. सीनियर स्तर पर केवल टी20 और 50 ओवर की प्रतियोगिताएं ही आयोजित की जा सकी थीं. जयदेव ने यह भी सूचित किया कि अनुभवी बल्लेबाज शेल्डन जैकसन पुडुचेरी के साथ एक सत्र के बाद सौराष्ट्र में वापसी करने वाले हैं.

शेल्डन जैक्सन फिर लौटेंगे सौराष्ट्र

इंडियन प्रीमियर लीग सत्र में कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सदस्य शेल्डन जैक्सन मार्च 2020 में सौराष्ट्र को अपनी पहली रणजी ट्राफी दिलाने के बाद बाहरी खिलाड़ी के तौर पर पुडुचेरी टीम में चले गए थे. जयदेव शाह ने कहा, ‘उसे पुडुचेरी से एनओसी (अनापत्ति पत्र) मिल गई है और हम खुश हैं कि वह वापस आ गया है. वह सीनियर खिलाड़ी है और हमारे लिए काफी महत्वपूर्ण है.’घरेलू सीजन की शुरुआत महिला वनडे से होगी

इस बार 2021-2022 घरेलू सत्र सितंबर-अक्टूबर में महिला एक दिवसीय प्रतियोगिता के साथ शुरू हो रहा है, जबकि पुरुष खिलाड़ियों का अभियान अक्टूबर-नवंबर में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के साथ शुरू होगा. रणजी ट्राफी टूर्नामेंट 16 नवंबर से 19 फरवरी तक खेला जाएगा. बीसीसीआई ने शेड्यूल कर दिया है, लेकिन कोरोना की तीसरी लहर के बीच कार्यक्रम के बदलाव हो सकता है


अन्य सम्बंधित खबरें