रेलवे ने पेश की, 8 फीसदी सस्ते किराये वाली एसी 3 इकाॅनोमी श्रेणी
भारतीय रेलवे ने ट्रेनों में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के यात्रियों
के लिए एक नयी श्रेणी वातानुकूलित 3 टियर इकाॅनोमी (एसी 3 इकाॅनोमी) को आज
औपचारिक रूप से शुरू करने की घोषणा की जिसके किराये की दरें वातानुकूलित 3
टियर कोच के किराये से करीब आठ प्रतिशत सस्ती रखी गईं हैं। रेलवे बोर्ड के एक वाणिज्यिक परिपत्र में यह जानकारी दी गई। परिपत्र के
अनुसार एसी 3 इकाॅनोमी के मूल किराये की दर स्लीपर श्रेणी के मूल किराये से
2.4 गुना होगी, जो एसी 3 के किराये से 8 प्रतिशत सस्ती है।
परिपत्र के अनुसार सभी मेल/एक्सप्रेस गाड़ियों में एसी 3 इकाॅनोमी के कोच
लगाये जायेंगे। इनमें बच्चों के किराये की दर, सभी प्रकार की रियायत,
रद्दीकरण एवं रिफंड के नियम उसी तरह से अनुमन्य होंगे जो एसी 3 के कोच में
अनुमन्य हैं।
रेलवे बोर्ड के सूत्रों ने बताया कि विभिन्न ज़ोन में 50 एसी 3 इकाॅनोमी
कोच भेजे जा चुके हैं, लेकिन किराये की दरें तय नहीं हो पाने के कारण अभी
तक इन्हें गाड़ियों में लगाया नहीं गया था।
उल्लेखनीय है कि रेलवे ने एसी 3 कोच की नयी डिजाइन तैयार की है जिसमें 83
बर्थ लगायी गयी हैं जबकि सामान्य एसी 3 के कोच में 72 बर्थ होती हैं। रेलवे
ने स्लीपर श्रेणी में यात्रा करने वाले यात्रियों को वातानुकूलित श्रेणी
का सस्ता विकल्प उपलब्ध कराने की पहले ही घोषणा की थी।