खेलते समय डेढ़ वर्षीय बच्चे ने कूकर में फंसा लिया सिर‚ कई घं... - CG Sandesh

खेलते समय डेढ़ वर्षीय बच्चे ने कूकर में फंसा लिया सिर‚ कई घंटे की मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने बचाई जान

परिजनों की लापरवाही के चलते खेलते समय एक डेढ़ वर्षीय मासूम बच्चे ने कुकर में अपना सिर फंसा लिया। बच्चे की चीख-पुकार के बाद घर में हड़कंप मच गया। काफी कोशिश के बाद भी बच्चे का सिर कूकर से बाहर नही निकल पाया। बाद में करीब 2 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद डॉक्टरों ने कुकर  को ग्लाइंडर  से काटकर बच्चे की जान बचाई। कुकर से बच्चे की गर्दन बाहर निकलने के बाद परिजनों ने भी राहत की सांस ली।

हैरान कर देने वाला मामला मथुरा के लोहा मंडी क्षेत्र का है। जहां मथुरा के कोसी कला क्षेत्र में रहने वाली सुमाइला अपने डेढ़ वर्षीय बेटे हसन रजा के साथ आगरा के लोहा मंडी के खातीपाड़ा इलाके में आपने माइके आई हुई थी। परिवार के सभी सदस्य घर में बैठकर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान डेढ़ वर्ष के बेटे ने खेलते हुए कुकर में अपना सिर फसा लिया।

कुकर से सिर नहीं निकल पाने पर बच्चे ने रोना शुरू किया तो परिजनों का ध्यान उस पर गया। परिजनों काफी कोशिश करने के बाद बच्चे के सिर को कुकर से बाहर नहीं निकल पाए। घटना के बाद पूरे घर में अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। परिजनों ने भी काफी कोशिश की लेकिन बच्चे का सिर कुकर से बाहर नहीं निकल पाया। थक हारकर परिजन बच्चे को लेकर एमएम चैरिटेबल अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने बच्चे का सिर निकालने की कोशिश की।

डॉक्टर ने भी काफी देर तक प्रयास किया लेकिन बच्चे का सिर बाहर नहीं निकल पाया। अंत में डॉक्टरों ने ग्लाइंडर मशीन मंगाकर धीरे-धीरे कुकर की दीवारों को काट दिया। इसके बाद बच्चे का सिर कुकर से बाहर निकल पाया। इस हादसे से बच्चा बुरी तरह से डरा हुआ है। वहीं परिजनों ने बच्चे के सकुशल कुकर से सिर बाहर निकलने पर राहत की सांस ली है और डॉक्टरों का शुक्रिया अदा किया है।

मामले में जानकारी देते हुए एमएम चैरिटेबल अस्पताल के डॉक्टर फरहत खान ने बताया कि जब बच्चे को उनके पास लाया गया था वो काफी परेशान था। हमें भी बच्चे का सिर बाहर निकालने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। हम बच्चे को बेहोश भी नहीं कर सकते थे। इस दौरान वो लगातार हिल-डुल रहा था और रो रहा था। डॉक्टर ने बताया कि बच्चे का सिर काफी नाजुक होता है इसलिए कुकर को काटते समय हमें बहुत ज्यादा सावधानी बरतनी पड़ी। फिलहाल बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ है।


अन्य सम्बंधित खबरें