आज कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस में होंगे शामिल  - CG Sandesh

आज कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस में होंगे शामिल

नई दिल्ली: आज कन्हैया कुमार और जिग्नेश मेवाणी कांग्रेस में शामिल होंगे. कांग्रेस में शामिल होने से पहले आज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजधानी दिल्ली में कांग्रेस दफ्तर के बाहर कन्हैया कुमार का स्वागत करते हुए पोस्टर लगाए गए हैं. कन्हैया कुमार फिलहाल सीपीआई नेता हैं और जिग्नेश मेवाणी गुजरात में निर्दलीय विधायक हैं. सूत्रों ने बताया कि आज शाम कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी की मौजूदगी में दोनों युवा नेता कांग्रेस में शामिल होंगे. दलित नेता जिग्नेश के साथ उनके कुछ साथी भी कांग्रेस में शामिल होंगे.

चर्चा यह भी है कि बिहार में कन्हैया और गुजरात में जिग्नेश को कांग्रेस बड़ा पद दे सकती है. इसी रणनीति के तहत आने वाले दिनों में कुछ और युवा नेता कांग्रेस में शामिल होंगे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी बीजेपी-आरएसएस की विचारधारा के खिलाफ मजबूत लड़ाई लड़ने वाले कन्हैया और जिग्नेश से खासे प्रभावित हैं. इन युवा नेताओं के जरिए राहुल एक नई टीम बनाते हुए नजर आ रहे हैं. इससे कांग्रेस को क्या लाभ होगा यह वक्त बताएगा, लेकिन वामपंथी पृष्ठभूमि के नेताओं को कांग्रेस में लाने पर राहुल गांधी खुद सवालों में घिर सकते हैं.

बीते दिनों में एक-एक करके कांग्रेस से कई नेता दूसरी पार्टियों में शामिल हुए हैं. कांग्रेस के अंदर कई वरिष्ठ नेता असंतुष्ट चल रहे हैं. इन सबके बीच राहुल के रणनीतिकारों को लगता है कि कन्हैया और जिग्नेश के साथ से राहुल को मोदी विरोध की राजनीति में मजबूती मिलेगी. ये नेता युवाओं के बीच संदेश देंगे कि मोदी के खिलाफ राष्ट्रीय स्तर पर विकल्प अरविंद केजरीवाल, ममता बनर्जी नहीं बल्कि राहुल गांधी हैं.

अन्य सम्बंधित खबरें