पुलिस, केन्द्रीय पुलिस, अर्द्ध सैनिक बल और सशस्त्र बल में मह... - CG Sandesh

पुलिस, केन्द्रीय पुलिस, अर्द्ध सैनिक बल और सशस्त्र बल में महिलाओं की भर्ती जोरों पर - रक्षामंत्री

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि पुलिस, केन्‍द्रीय पुलिस, अर्द्ध सैनिक बल और सशस्‍त्र बल में महिलाओं की भर्ती जोरों पर है। उन्‍होंने कहा कि पिछले वर्ष से सेना में महिलाओं की भर्ती शुरू हो गई है और विभिन्‍न रेंकों में महिलाओं की भर्ती हुई है। संघाई सहयोग संगठन की अंतर्राष्‍ट्रीय वेबिनार में सुरक्षा बलों में महिलाओं की भूमिका की चर्चा करते हुए उन्‍होंने कहा कि तीनों सेनाओं के शीर्ष प्रशिक्षण केन्‍द्र राष्‍ट्रीय रक्षा अकादमी में महिलाएं अगले वर्ष से शामिल हो जाएंगी। उन्‍होंने आशा व्‍यक्‍त की कि सुरक्षा बलों के विभिन्‍न कार्यों में उनकी बडी और महत्‍वपूर्ण भूमिका होगी।

रक्षामंत्री ने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा को साबित कर रही है। उन्‍होंने कहा कि भारतीय तटरक्षक बल महिलाओं के पायलट आबज्रवर सहित अन्‍य भूमिकाओं के लिए भर्ती कर रहा है। भारतीय वायुसेना में महिलाएं विभिन्‍न भूमिकाओं के लिए भर्ती की जा रही हैं। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि 1992 में महिलाओं की भर्ती शुरू हुई थी आज वे सेना के महत्‍वपूर्ण शाखाओं में काम कर रही हैं। उन्‍होंने कहा कि महिलाएं अब स्‍थाई कमीशन के लिए स्‍वीकार की जा रही हैं और शीघ्र ही सेना की टुकडियों और बटालियन भी संभालने लगेंगी।


अन्य सम्बंधित खबरें