पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह बनाएंगे नई पार्टी
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने
मंगलवार को ऐलान किया कि वह जल्द ही खुद की राजनीतिक पार्टी बनाएंगे। कैप्टन के
मीडिया सलाहकार रवीन ठुकराल ने ट्वीट कर बताया कि किसानों सहित पंजाब और उसके
लोगों के हितों की सेवा के लिए जल्द ही नए दल की घोषणा की जाएगी। कैप्टन ने
बीजेपी के साथ सशर्त गठबंधन की बात भी कही है। सीएम पद से हटने के बाद ही कैप्टन
ने नई पार्टी बनाने के संकेत दे दिए थे।
पूर्व सीएम ने कहा कि अगर अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले किसानों के हित में तीनों कृषि कानूनों पर चल रहे विवाद का समाधान कर दिया जाता है तो वह बीजेपी के साथ सीटें शेयर करने पर विचार करेंगे। कैप्टन ने कहा कि वह समान विचारधारा वाले दलों जैसे अलग हुए अकाली समूहों, विशेष रूप से ढींडसा और ब्रह्मपुरा गुट के साथ गठबंधन की संभावना भी देख रहे हैं।
अमरिंदर सिंह ने कहा- 'जब तक मैं अपने लोगों और अपने राज्य का भविष्य सुरक्षित नहीं कर लेता, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा। पंजाब को राजनीतिक स्थिरता और आंतरिक व बाहरी खतरों से सुरक्षा की जरूरत है। मैं अपने लोगों से वादा करता हूं कि इसकी शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए वह सब करूंगा जो आज दांव पर है।'अन्य सम्बंधित खबरें