पीएम मोदी का ट्विटर अकाउंट हैक, बिटकॉइन पर किया ट्वीट, कुछ ह... - CG Sandesh

पीएम मोदी का ट्विटर अकाउंट हैक, बिटकॉइन पर किया ट्वीट, कुछ ही देर में डिलीट होने के बाद PMO ने कहा- इग्‍नोर करें

प्रधानमंत्री कार्यालय ने रविवार तड़के यह बताया कि कुछ ही मिनटों के लिए नरेंद्र मोदी के ट्विटर हैंडल में हैकर्स ने सेंध लगा दी थी। पीएमओ की ओर से यह जानकारी दी गई है कि अकाउंट रीस्टोर करने के बाद यह मामला माइक्रो ब्लॉगिंग वेबसाइट ट्विटर के समक्ष उठाया गया है।

पीएमओ ने ट्वीट किया, 'पीएम नरेंद्र मोदी का ट्विटर हैंडल कुछ देर के लिए हैक हुआ। यह मामला ट्विटर के सामने उठाया गया है और अकाउंट को भी तुरंत ही रीस्टोर कर के सुरक्षित कर दिया गया है। हैक किए जाने के कुछ मिनटों में शेयर हुए ट्वीट पर ध्यान न दें।'

बता दें कि अकाउंट से किए गए बेकार ट्वीट्स अब डिलीट कर दिए गए हैं। पीएम मोदी के ट्विटर पर 2.34 करोड़ से ज्यादा फॉलोअर्स हैं। पीएम मोदी का ट्विटर अकाउंट हैक होने के बाद भारत में #Hacked हैशटैग ट्रेंड करने लगा। हालांकि, अब हैंडल से हैकरों द्वारा किए गए ट्वीट को डिलीट कर दिया गया है लेकिन कुछ यूजरों ने इसके कथित स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं, जिसमें लिखा गया है कि भीरत ने कानूनी तौर पर बिटकॉइन को मान्यता दे दी है।

ट्वीट के स्क्रीनशॉट के मुताबिक, 'भारत ने आधिकारिक तौर पर बिटकॉइन को कानूनी मान्यता दे दी है और सरकार भी 500 BTC खरीदकर लोगों में बांट रही है।'

युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीनिवास बीवी ने पीएम मोदी के हैंडल से हैकरों द्वारा किए गए ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'गुड मॉर्निंग मोदी जी, सब चंगा सी?'

वहीं कुछ यूजर्स सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल भी खड़े कर रहे हैं। वेद काकड़े नाम के एक यूजर ने ट्वीट का स्क्रीनशॉट शेयर करते हुए लिखा, 'कृपया इस लिंक पर क्लिक न करें। यह एक स्कैम है...पीएम मोदी तक का अकाउंट सुरक्षित नहीं है। भारत में हैकरों, स्कैमरों और विदेशी एजेंडे से सोशल मीडिया कैसे सुरक्षित हो सकता है।'


अन्य सम्बंधित खबरें