लड़की ने बॉयफ्रेंड को कर दी किडनी गिफ्ट, फिर भी क्यों हुआ कपल का ब्रेकअप
एक लड़की ने सोशल मीडिया पर अपने बॉयफ्रेंड से जुड़ी एक हैरान करने वाली घटना के बारे में बताया. लड़की ने बताया कि उसने अपने बॉयफ्रेंड की जान बचाने के लिए उसे अपनी किडनी दान में दे दी. लेकिन बावजूद उसके बॉयफ्रेंड ने उसे धोखा दिया.
अमेरिका में रहने वाली 30 वर्षीय ये लड़की एक टिकटॉकर है, जिसका नाम कॉलीन है. कॉलीन ने हाल ही में पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने दावा किया कि 6 साल पहले वो एक लड़के के साथ रिलेशनशिप में थी, लेकिन एक बड़े 'एहसान' के बावजूद भी उस लड़के ने उन्हें धोखा दे दिया.
कॉलीन ने बताया कि उस समय उसके बॉयफ्रेंड को गुर्दा प्रत्यारोपण की सख्त जरूरत थी. वह क्रोनिक किडनी बीमारी से पीड़ित था. महज 17 साल की उम्र से ही वो डायलिसिस के भरोसे हो गया. उसकी किडनी सिर्फ 5 फीसदी तक काम करती थी. ऐसे में बॉयफ्रेंड की जान बचाने के लिए कॉलीन ने अपनी किडनी दान करने का फैसला लिया.
कॉलीन ने स्वेच्छा से अपनी एक किडनी अपने बॉयफ्रेंड को दान कर दी. लेकिन ऑपरेशन के कुछ महीने बाद ही बॉयफ्रेंड ने कॉलीन को धोखा दे दिया और उसके साथ सारे संबंध तोड़ लिए.
कॉलीन ने बताया कि ठीक होने के बाद उसके बॉयफ्रेंड ने बताया वो दोस्तों के साथ बैचलर पार्टी में जा रहा है. लेकिन वहां से लौटने के बाद उसने खुद ही कबूल कर लिया कि वो कॉलीन को धोखा दे रहा है, और उसका अफेयर चल रहा है.
हालांकि, उसकी दलीलें सुनने के बाद कॉलीन ने उसे एक और मौका दिया. लेकिन कॉलीन ने बताया कि सिर्फ तीन महीने बाद ही उसने यह कहते हुए रिश्ता खत्म कर दिया कि 'अगर हम एक-दूसरे के लिए बने हैं, तो भगवान हमें अंत में जरूर मिलाएगा.'
टिकटॉकर ने इस कहानी को अपने अकाउंट पर शेयर किया है, जिसे लाखों लोगों ने देखा है. कॉलीन के वीडियो को 2 मिलियन से अधिक लाइक्स मिले हैं. साथ ही हजारों लोगों ने कमेंट्स किए हैं.