खान सर पर FIR, छात्रों को हंगामा के लिए उकसाने का अरोप
अपने अनोखे अंदाज से पढ़ाने को लेकर छात्रों के बीच चर्चित पटना वाले खान सर पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कस दिया है। उनके खिलाफ राजधानी के पत्रकार नगर थाना में नामजद केस दर्ज किया गया है। इसकी पुष्टि हो गई है। पटना पुलिस ने सिर्फ खान सर ही नहीं बल्कि उनके साथ-साथ कुल 6 टीचरों और 16 छात्रों को इस केस में नामजद किया है।
आरोप है कि खान सर समेत सभी नामजद टीचरों और अन्य कोचिंग संचालकों ने ही हंगामा और प्रदर्शन के लिए छात्रों को उकसाया था। मनमाफिक रिजल्ट नहीं आने से खान सर समेत बाकी सभी टीचर ने एक षड्यंत्र रचा। इसमें सोशल मीडिया पर वायरल खान सर के वीडियो ने भी आग में घी डालने का काम किया। वीडियो को देख कर छात्र भड़क गए। इस कारण लॉ एंड ऑर्डर की खराब हो गया।
हंगामा शुरू करने वाले 4 युवक को पुलिस ने पकड़ा
दरअसल, NTPC रेलवे के हुए एग्जाम के रिजल्ट पर सवाल उठाते हुए छात्रों ने 24 जनवरी को पटना में राजेंद्र टर्मिनल पर सबसे पहले हंगामा शुरू किया था। उस दिन ट्रेनें रोकी थी। पुलिस पर पथराव किया था। इसके जवाब में पुलिस ने भी कार्रवाई की थी। बिगड़े हालात पर काबू पाने के लिए रेल पुलिस के साथ ही पटना पुलिस और जिला प्रशासन को भी काफी मशक्कत करनी पड़ी थी। जब पुलिस ने कार्रवाई की थी, तब कुछ छात्रों को भागते हुए पत्रकार नगर थाना की पुलिस ने देखा था। उसी में 4 छात्रों को पकड़ा था। जिसमें गिरिडीह के किशन कुमार, लखीसराय के रोहित कुमार, राजन कुमार और बिक्रम कुमार शामिल हैं।
पकड़े गए छात्रों ने लिया खान सर का नाम लिया
पुलिस ने इन सभी से पूछताछ की। FIR में दावा किया गया है कि पकड़े गए छात्रों ने ही सभी के नाम लिए। इस कारण खान सर, एस के झा सर, नवीन सर, अमरनाथ सर, गगन प्रताप सर, गोपाल वर्मा सर को नामजद किया गया है। पकड़े गए छात्रों ने ही बहादुरपुर के शिवशक्ति नगर के रहने वाले नरेश, नागेश, विकास, खेसारी, मृत्युंजय, बालेश्वर, पंकज, विशाल, सूरज, भजनू, विकास उर्फ छोटू, मुकेश और पटेल छात्रावास में रहने वाले 3-4 अपने अन्य दोस्तों के बारे में बताया।
इन्हीं कारणों से सभी को नामजद और 300 से 400 के करीब अन्य अज्ञात छात्रों को FIR में आरोपी बनाया गया है। इसमें बाजार समिति में कोचिंग चलाने वाले अन्य अज्ञात संचालकों पर भी आरोप लगा है। थानेदार मनोरंजन भारती के बयान पर IPC की धारा 147/ 148/ 149/ 151/ 152/ 186/ 187/ 188/ 323/ 332/ 353/ 504/ 506 और 120B के तहत FIR नंबर 42/2022 दर्ज किया गया है।
संभावना है कि केस दर्ज करने के बाद पटना पुलिस खान सर समेत सभी आरोपियों के खिलाफ कोर्ट से गिरफ्तारी का वारंट लेकर गिरफ्तारी की कार्रवाई भी कर सकती है।