30 दिन के वैलिडिटी वाले प्रीपेड प्लान को लेकर TRAI ने दिए निर्देश, टेलीकॉम कंपनियों ने किया विरोध
मोबाइल यूजर्स के लिए बड़ी राहत वाली खबर ये है कि जल्द ही वे 30 दिन की वैलिडिटी वाले प्रीपेड प्लान से रिचार्ज करा सकेंगे. टेलीकॉम रेग्यूलेटरी अथॉरिटी ऑफ इंडिया (TRAI) ने सभी टेलीकॉम कंपनियों के लिए कुछ नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं. इसमें पूरे महीने का टैरिफ प्लान सहित कई बड़े फैसले हैं. Telecom Tariff (66th Amendment) Order, 2022 के तहत TRAI ने कई ऐसे फैसले सुनाए हैं जिनके बारे में जानकर यूजर्स बेहद खुश हो जाएंगे.
TRAI ने टेलिकॉम कंपनियों को कम से कम एक ऐसा टैरिफ प्लान ऑफर करने का आदेश दिया है, जिसकी वैधता 30 दिन की हो.
गुरुवार को एक आदेश में ट्राई ने कहा कि सभी टेलिकॉम कंपनियों को 30 दिन की वैलिडिटी वाला एक प्लान वाउचर, एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर ऑफर करना चाहिए. ट्राई ने कहा कि कंपनियों को कम से कम एक ऐसा एक प्लान वाउचर, एक स्पेशल टैरिफ वाउचर और एक कॉम्बो वाउचर जरूर ऑफर करना चाहिए जिन्हें हर महीने एक ही तारीख को रिन्यू कराया जा सके.
ट्राई के अनुसार नए बदलाव से यूजर्स को काफी फायदा पहुंचेगा और उन्हें अपनी सहूलियत के हिसाब से सही वैलिडिटी वाले प्लान्स के ज्यादा ऑप्शन भी मिलेंगे.
टेलीकॉम कंपनियों का विरोध
ट्राई के इस आदेश का टेलिकॉम कंपनियों ने विरोध किया है. टेलीकॉम कंपनियों कहना है कि 28 दिन, 54 दिन या 84 दिन की वैलिडिटी वाले किसी भी प्लान में बदलाव करने से बिल साइकिल में काफी गड़बड़ी आ जाएगी. कंपनियों का कहना है कि हर महीने एक ही तारीख और एक ही अमाउंट के रिचार्ज रिन्यू को ऑफर करना तकनीकी रूप से संभव नहीं है क्योंकि ऐसा पोस्टपेड प्लान्स के लिए होता है.