घर से भागे हुए प्रेमी-प्रेमिका को यहां मिलती है पनाह, पुलिस का भी आना है बैन
भारत में एक ऐसी जगह है जहां प्रेमी जोड़ों को सुरक्षा दी जाती है. ये जगह है हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में बना शंगचूल महादेव मंदिर. इस मंदिर में देश भर से भाग कर आए कई प्रेमीजोडों को पनाह दी जाती है. उन्हें यहां रहने और खाने के लिए भी दिया जाता है. कोई भी इस मंदिर के अंदर प्रेमी जोड़ों को नुकसान पहुंचाने नहीं आ सकता. इसे घर से भागे प्रेमी जोड़ों के लिए सबसे सुरक्षित जगह बताया जाता है.
जो भी प्रेमी जोड़ा घर से भागकर इस मंदिर में पनाह लेता है उसकी यहां जमकर मेहमानवाजी होती है. गांव के लोग प्रेमी जोड़ों का खूब सत्कार करते हैं. इसकी ख़ास वजह है. दरअसल, गांव के लोगों का मानना है कि अगर वो प्रेमी जोड़ों को आश्रय नहीं देंगे तो भगवान रुष्ट हो जाएंगे.
दरअसल, मान्यता के मुताबिक़, इस जगह पर पांडव अज्ञातवास के लिए आए थे. तब लोगों ने उन्हें इस मंदिर में छिपाया था. जब कौरव वहां आए तो खुद शंगचूल महादेव ने उन्हें गांव में आने से रोक लिया था. उन्होंने कहा था कि जो उनकी शरण में आए, उसकी वो रक्षा करेंगे.
इसी मान्यता के आधार पर आज भी यहां शरण लेने आए लोगों की रक्षा की जाती है. सदियों से ये परंपरा चल रही है. हर प्रेमी जोड़े को यहां खाना और रहने के लिए जगह दी जाती है. इस गांव में पुलिस की एंट्री पर भी रोक है. गांव में किसी तरह का हथियार लेकर आना मना है. साथ ही यहां कोई ऊंची आवाज में बात भी नहीं करता. ऐसे में प्रेमी जोड़ों के लिए ये बेस्ट जगह है.