लुंगी और शर्ट छोड़कर 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर बना मॉडल, इंटरनेट... - CG Sandesh

लुंगी और शर्ट छोड़कर 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर बना मॉडल, इंटरनेट पर हो गया वायरल

केरल के 60 वर्षीय दिहाड़ी मजदूर मम्मिक्का इन दिनों इंटरनेट मीडिया में छाए हुए हैं। कोझिकोड जिले के रहने वाले मम्मिक्का ने अपनी लुंगी और शर्ट छोड़कर एक लोकल ब्रांड के लिए सूट और सनग्लास को अपना लिया है। नए लुक में फोटोग्राफर शारिक वायालिल की ली हुईं उनकी तस्वीरें वायरल हो गई हैं।

हजारों लोग इस नए माडल को बधाई दे रहे हैं। दरअसल, शारिक ने पूर्व में मम्मिक्का की एक फोटो खींची थी और उसे अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर दिया था। अभिनेता विनायकन जैसा दिखने की वजह से मम्मिक्का की यह फोटो वायरल हो गई। 

इसके बाद शारिक ने मम्मिक्का से अपनी वेडिंग सूट कंपनी के लिए माडलिंग करने के लिए कहा। फोटो शूट से पहले मम्मिक्का का मेकओवर किया गया जिसका एक वीडियो बनाया गया था। इंस्टाग्राम पर हजारों ने इस वीडियो को देखा है। पिछले हफ्ते साझा किए जाने के बाद से इसे 23 हजार से ज्यादा लोग देख चुके हैं।

शारिक ने कहा कि उन्हें अपनी कंपनी के माडल के तौर पर मम्मिक्का से बेहतर कोई नहीं लगा। फोटोशूट की तस्वीरों से साबित हो चुका है कि वह गलत नहीं थे। इन तस्वीरों में मम्मिक्का हाथ में आइपैड लिए क्लासिक ब्लेजर और ट्राउजर पहने नजर आ रहे हैं। मम्मिक्का अपनी शोहरत का श्रेय शारिक को देते हुए कहते हैं कि अब वह अपने मजदूरी के काम के साथ-साथ माडलिंग में भी कोशिश करना चाहेंगे।


अन्य सम्बंधित खबरें