खाना मांगने पर कलयुगी मां ने मासूम बच्चे को गर्म प्रेस से जलाया....
खाना मांगने पर सौतेली मां ने सात साल के बेटे के चेहरे और पीठ पर गर्म प्रेस रख दिया, जिससे वह झुलस गया। पड़ोसी और रिश्तेदारों की मदद से बच्चे को पंडित दीनदयाल उपाध्याय संयुक्त चिकित्सालय लाया गया, जहां उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। थाना क्वार्सी में महिला के खिलाफ तहरीर दी गई है।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के रजा नगर में किराये के मकान में जाहिद अपने परिवार के साथ रहते हैं। बुलंदशहर जिले के छतारी के मूल निवासी जाहिद की पहली पत्नी की चार साल पहले मौत हो गई थी। पहली पत्नी से दो बच्चे अरीब व उज्मा हैं।
बच्चों की अच्छी परवरिश के लिए जाहिद ने गाजियाबाद की महिला तबस्सुम से निकाह कर लिया था। इसके बाद तबस्सुम व जाहिद से एक बेटी हो गई। आरोप है कि तबस्सुम का रवैया जाहिद की पहली पत्नी के बच्चों के साथ ठीक नहीं था।
बेटी उज्मा को वह मारती-पीटती थी। इस पर उज्मा को उसकी बुआ अपने साथ ले गईं, जो उसी मोहल्ले में रहती हैं। मगर अरीब अपनी सौतेली मां के साथ रहता था। आए दिन अरीब के मुंह में कपड़ा ठूंसकर वह मारती-पीटती थी। खाना मांगने पर उसे गर्म पानी से जला देती थी।
आरोप है कि मंगलवार को अरीब ने तबस्सुम से खाना मांगा तो उसे पीट दिया। भूख लगने पर वह अपनी बुआ के यहां चला गया। जब वह खाना खाकर लौटा तो गुस्से से भरी तबस्सुम ने उसके चेहरे और पीठ पर गर्म प्रेस रख दिया।
बाद में जलन से कराह रहे बच्चे को अस्पताल लाया गया, सूचना पर रिश्तेदार भी पहुंच गए। अरीब के पिता जाहिद ने तबस्सुम के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। थाना क्वार्सी के इंस्पेक्टर विजय सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है। मामले में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।