मोदी सरकार ने बंद किये 22 YouTube चैनल, जानें क्या है वजह
केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने मंगलवार को 22 YouTube चैनल, 3 ट्विटर अकाउंट, 1 फेसबुक और एक न्यूज वेबसाइट ब्लॉक कर दिए. इन पर संवेदनशील और राष्ट्रीय सुरक्षा, विदेश नीति के अलावा अन्य मामलों को लेकर दुष्प्रचार का आरोप है. मंत्रालय ने मंगलवार को जारी एक बयान में बताया कि जिन YouTube चैनलों को ब्लॉक किया गया है, उनके पास 260 करोड़ से अधिक दर्शक थे. इन चैनलों के जरिये दर्शकों और फिर देश भर में फेक न्यूज फैलाई जा रही थी.
केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने पिछले साल फरवरी में आईटी नियम, 2021 की अधिसूचना जारी की थी. इसके बाद से देश में यू-ट्यूब आधारित न्यूज चैनलों पर यह पहली कार्रवाई की गई है. इस आदेश के माध्यम से 18 भारतीय और 4 पाकिस्तानी चैनलों को ब्लॉक किया गया है. इन चैपलों के जरिये भारतीय सशस्त्र बलों, जम्मू और कश्मीर आदि जैसे विभिन्न विषयों पर फर्जी समाचार पोस्ट करने के लिए इन YouTube चैनलों का उपयोग किया गया था. इन चैनलों पर भारत विरोधी कंटेंट भी पाया गया है. माना जा रहा है कि यह कंटेंट पाकिस्तान के जरिये चलाया गया है.
मंत्रालय ने कहा कि इन भारतीय YouTube चैनलों ने यूक्रेन में चल रही स्थिति से संबंधित झूठा कंटेंट पोस्ट किया. यही नहीं अन्य देशों के साथ भारत के विदेशी संबंधों को खतरे में डालने वाली सामग्री भी डाली गई. ब्लॉक किए गए यू-ट्यूब चैनल कुछ टीवी समाचार चैनलों के टेम्प्लेट और लोगो का उपयोग कर रहे थे, जिसमें उनके समाचार एंकरों के फोटो भी शामिल थे, ताकि दर्शकों को विश्वास दिलाया जा सके कि समाचार प्रामाणिक है. सरकार ने कहा कि लोगों को भ्रमित करने के लिए झूठे थंबनेल का इस्तेमाल किया गया. कुछ भारत विरोधी खबरें ऐसी पाई गईं जो पाकिस्तान से आ रही थीं.