नाश्ता नहीं मिला तो ससुर ने बहू पर चला दी गोली, पुलिस ने दर्ज किया मामला
मुंबई के थाणे के रोबाडी थाना क्षेत्र में नाश्ता नहीं परोसे जाने से नाराज ससुर ने कथित तौर पर अपनी बहू को गोली मार दी. घायल महिला को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज जारी है. पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी.
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार राबोडी इलाके की रहने वाली 42 वर्षीय महिला के पेट में गोली लगी है. राबोडी थाने के वरिष्ठ निरीक्षक संतोष घाटेकर ने बताया कि आरोपी काशीनाथ पांडुरंग पाटिल (76) के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास), 506 (आपराधिक भयादोहन) के अलावा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. हालांकि अभी तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.
आरोपी की दूसरी बहू ने इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी. उसने अपनी शिकायत में कहा कि यह घटना गुरुवार सुबह करीब 11 बजकर 30 मिटन पर हुई. जब पीड़िता ने चाय के साथ नाश्ता नहीं दिया तो आरोपी नाराज हो गया.
इसके बाद उसने अपनी रिवॉल्वर निकाली और बहू को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गई. इसके बाद परिवारजनों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. पुलिस अधिकारी घाटेकर ने बताया कि पुलिस इस बात का पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ससुर ने यह हमला किसी अन्य के उकसावे में आकर तो नहीं किया.