उत्तरकाशी में भीषण हादसा, यमुनोत्री जा रही बस खाई में गिरी, 26 की मौत, 4 घायल
उत्तरकाशी में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे का रेस्क्यू ऑपरेशन खत्म हो गया है। इस हादसे में मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 26 हो गई है। जबकि 4 लोग घायल हो गए हैं। घायलों को देहरादून के मैक्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के वक्त बस में कुल 30 लोग सवार थे। इनमें 28 यात्री,1 क्लीनर और एक ड्राइवर था। ये हादसा यमुनोत्री नेशनल हाईवे पर डामटा के पास हुआ है।
बस में सवार सभी यात्री जिला पन्ना मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रात में देहरादून पहुंचकर पुलिस कंट्रोल रूम में उत्तराखंड सरकार के अधिकारियों के साथ बैठक की और उत्तरकाशी में राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
उसके बाद सीएम चौहान घायल श्रद्धालुओं को देखने के लिए देर रात देहरादून के मैक्स हॉस्पिटल पहुंचे। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में कोई कसर नहीं रहने दी जाएगी। इलाज के संबंध में डॉक्टर्स से भी चर्चा की।
उत्तरकाशी बस दुर्घटना पर पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि उत्तराखंड में एक बस दुर्घटना में मृतकों के परिवारों के लिए 2-2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50,000 रुपये की मुआवजे की घोषणा की।
दुर्घटना पर ट्वीट करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा कि उत्तराखंड में श्रद्धालुओं की बस के खाई में गिरने की सूचना अत्यंत दुःखद है। इस पर मैंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात की है। स्थानीय प्रशासन व SDRF की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं और घायलों को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाया जा रहा है। NDRF भी शीघ्र वहाँ पहुंच रही है।