पत्नी की पिटाई के डर से 32 दिन से पेड़ पर रह रहा था युवक, पु... - CG Sandesh

पत्नी की पिटाई के डर से 32 दिन से पेड़ पर रह रहा था युवक, पुलिस ने रेस्क्यू कर 75 घंटे बाद उतारा

यूपी के जनपद मऊ के बसारतपुर गांव में पत्नी से झगड़े के बाद एक युवक 32 दिन से ताड़ के पेड़ पर रह रहा था। जिसे रविवार को करीब 75 घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पेड़ से उतार लिया है। 

यहां मौके पर पहुंचे अधिकारियों और पुलिस ने तीन घंटे की घेराबंदी करते हुए नीचे बिछे जाल पर कूदाकर युवक को नीचे उतारा। उसके नीचे उतरते ही पुलिस ने हिरासत में ले लिया और मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा है।

बता दें कि इससे पहले शनिवार को भी पुलिस टीम दिन भर युवक को नीचे उतारने की कोशिश में जुटी थी। आठ घंटे की मेहनत के बाद भी पुलिस प्रशासन को सफलता हाथ नहीं लगी थी। दरअसल, कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बसारथपुर के दलित बस्ती निवासी रामप्रवेश राम (42) ताड़ के पेड़ से ताड़ी निकालने का कार्य करता है। सीजन खत्म होने पर वह मेहनत मजदूरी करने लगा था। 

वह 32 दिन पहले किसी बात को लेकर पत्नी से झगड़ा होने के बाद अपने परिवार को छोड़कर ताड़ के पेड़ पर रहने लगा। वह खाना, पीना और नहाना भी पेड़ पर ही करने लगा। रोजाना युवक को मनाने और पेड़ से उतारने की कोशिश होती रही, लेकिन कोई परिणाम नहीं निकला.

ऐसे में पति के पेड़ पर रहने के कारण पत्नी को घर गृहस्थी चलाने में परेशानी होने लगी। वहीं उसकी इस हरकत से पूरा गांव परेशान हो गया था। ताड़ के पेड़ की ऊंचाई इतनी थी, कि वहां से आसपास के घरों के आंगन साफ दिखाई देते, जिससे घर में रहने वाली महिलाओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। 

इन सब बातों से परेशान पत्नी ने पुलिस से गुहार लगाई। शुक्रवार से पुलिस रामप्रवेश को ताड़ के पेड़ से नीचे उतारने में जुट गई। लाख प्रयास के बाद भी शनिवार शाम तक पुलिस को कामयाबी नहीं मिली।

इस मामले में एसडीएम हेमंत चौधरी, क्षेत्राधिकारी घोसी उमाशंकर उत्तम और थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा भारी पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। दो घंटे तक काफी समझाने बुझाने के बाद भी रामप्रवेश ताड़ के पेड़ से नहीं उतरा।

 इस पर अधिकारियों ने ताड़ के पेड़ पर चढ़ने वाले चार युवकों को बुलाया।चारों युवक ताड़ के पेड़ पर चढ़े और राम प्रवेश को नीचे बिछे जाल पर धकेल दिया। जाल पर गिरते ही पुलिस ने राम प्रवेश को हिरासत में ले लिया।

 फिर मेडिकल जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज भेजा गया। इस बाबत क्षेत्राधिकारी उमाशंकर उत्तम का कहना था राम प्रवेश की मेडिकल परीक्षण के बाद जो रिपोर्ट आएगी उसके आधार पर आगे कार्रवाई होगी।



अन्य सम्बंधित खबरें