राजस्थान कांग्रेस के 80 MLA का इस्तीफा, आलाकमान ने अशोक गहलो... - CG Sandesh

राजस्थान कांग्रेस के 80 MLA का इस्तीफा, आलाकमान ने अशोक गहलोत और सचिन पायलट को बुलाया दिल्ली

राजस्थान में अशोक गहलोत खेमे के 80 से ज्यादा विधायकों ने सचिन पायलट को मुख्यमंत्री बनाने के नाम पर वीटो कर दिया है. विधायकों का कहना है कि अशोक गहलोत को अगर मुख्यमंत्री पद से हटाया जाता है तो हमारी बिना रायशुमारी के किसी को मुख्यमंत्री नहीं बना सकते.

आलाकमान के भेजे हुए दूत के रुप में मल्लिकार्जुन खड़गे और अजय माकन की बैठक में ये विधायक शामिल नहीं हुए. विधायकों ने इस्तीफों पर हस्ताक्षर भी कर दिए है. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल ये है कि क्या ये विधायक आलाकमान के फैसले को चुनौती दे रहे है.

नया अध्यक्ष खोज रही कांग्रेस के लिए राजस्थान का सीएम खोजना मुश्किल हो गया है. सूबे में मुख्यमंत्री की कुर्सी के लिए इस वक्त जबरदस्त खींचतान चल रही है. इस बीच गहलोत समर्थक 82 विधायकों ने सामूहिक इस्तीफा दे दिया है. ये विधायक कुछ देर पहले कांग्रेस विधायक शांति धारीवाल के घर जमा हुए. यहां पर इन विधायकों से इस्तीफा लेकर स्पीकर सीपी जोशी को सौंपा दिया गया.

रविवार को राजस्थान का घटनाक्रम बेहद रोचक रहा. शाम 7 बजे तय की गई कांग्रेस विधायकों की बैठक रद्द हो गई. गहलोत समर्थक 82 विधायक कांग्रेस एमएलए शांति धारीवाल के घर जमा हुए और इस्तीफे का पूरा घटनाक्रम चला.

इधर, कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास ने 92 विधायकों के इस्तीफा देने का दावा किया है. उन्होंने कहा कि हमारी (विधायकों की) मीटिंग हो चुकी है. सभी का कहना है कि नए सीएम के चयन में उनकी राय नहीं ली गई. इससे वे बेहद नाराज हैं. सूत्रों के मुताबिक इस बीच कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने अशोक गहलोत को फोन किया और स्थिति संभालने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने कहा कि अब उनके बस में कुछ नहीं है.


अन्य सम्बंधित खबरें