भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत, दिवाली मनाने घर लौट रहे थे सभी
मध्य प्रदेश के रीवा के नजदीक नेशनल हाइवे-30 पर एक भीषण बस हादसा हो गया. इसमें 15 लोगों की मौत हो गई और 35 यात्री घायल हैं. राहगीरों की सूचना के बाद सोहागी पुलिस मौके पर पहुंची और बस में फंसे यात्रियों को रेस्क्यू किया. गंभीर घायलों को एम्बुलेंस से त्योंथर सिविल अस्पताल समेत दूसरे अस्पतालों में भर्ती कराया गया.
रीवा कलेक्टर मनोज पुष्प के मुताबिक, शुक्रवार की रात करीब 11.30 बजे पहाड़ के घाट में हादसा हुआ है. यूपी पासिंग बस हैदराबाद से चलकर जबलपुर और रीवा के रास्ते प्रयागराज (उत्तर प्रदेश) जा रही थी.
उसी समय नेशनल हाइवे-30 की पहाड़ी उतरते समय हादसे का शिकार हो गई है. बताया गया कि बस की केबिन में भी 3-4 लोग फंस गए थे. हालांकि, हादसे की वजह का पता नहीं चला है.
पुलिस और स्थानीय लोगों बचाव कार्य किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. इसमें ज्यादातर यात्री श्रमिक थे जो दीपावली मनाने अपने घर लौट रहे थे. बताया जा रहा है कि बस में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे.
शुरुआती जांच में सामने आया है कि सड़क पर आगे चल रहे किसी और वाहन से ट्रक की टक्कर हुई थी, जिसकी वजह से ड्राइवर एकाएक ब्रेक लगा दिए और इसी दौरान पीछे तेज रफ्तार में आ रही यात्री बस ट्रक में जा घुसी, क्योंकि टक्कर सीधी थी इसलिए बस के केबिन में बैठे लोगों के साथ-साथ आगे की सीट पर बैठे यात्रियों की भी मौत हो गई.
सुहागी पहाड़ में हुए बस हादसे की सूचना के लिए जिला प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट से हेल्पलाइन नंबर 8319706674 जारी किया गया है, जिनमें फोन कर घटना के संबंध में जानकारी ले सकते हैं.
उधर, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने देर रात रीवा जिले में हुए सड़क हादसे पर दुख व्यक्त किया है. साथ ही आज सुबह CM शिवराज ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से फोन पर चर्चा की और उन्हें इस हादसे से अवगत कराया.
मुख्यमंत्री चौहान ने उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ को बताया कि देर रात यह सड़क हादसा हुआ. घटना की जानकारी मिलते ही रीवा जिले के कलेक्टर एसपी सहित बड़े अधिकारी मौके पर पहुंच गए और जिला प्रशासन ने पूरी रात रेस्क्यू ऑपरेशन किया.
हादसे में जिन यात्रियों की मृत्यु हुई है उनके पार्थिव शरीर अभी त्योंथर में रखे हुए हैं. मध्यप्रदेश शासन उन्हें ससम्मान प्रयागराज पहुंचाएगा. इसके साथ ही जो व्यक्ति जो सुरक्षित हैं या कम घायल हैं, उन्हें फर्स्ट एड दे करके रात को ही दो बसों के माध्यम से प्रयागराज पहुंचाया गया है.
वहीं, ऐसे यात्री जो गंभीर रूप से घायल हैं, उनका इलाज रीवा मेडिकल कॉलेज में निशुल्क किया जा रहा है. रीवा जिला प्रशासन इलाज सहित घायलों एवं मृतकों के परिवाजनों के लिए समस्त आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित कर रहा है.
मुख्यमंत्री चौहान ने घायलों के संपूर्ण इलाज और मृतकों के पार्थिव शरीर को ससम्मान प्रयागराज भेजने के निर्देश रीवा जिला प्रशासन को दिए हैं. मुख्यमंत्री कार्यालय, रीवा जिला प्रशासन से निरंतर संपर्क में है. रीवा जिला प्रशासन के अधिकारी, प्रयागराज जनपद के आला अधिकारियों से संपर्क कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने हादसे को लेकर ट्वीट किया है. गृहमंत्री ने लिखा है कि रीवा में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में कई लोगों का असामयिक निधन अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक है. ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें.