फर्जी गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार, प्रॉपर्टी क... - CG Sandesh

फर्जी गैंगरेप का आरोप लगाने वाली महिला गिरफ्तार, प्रॉपर्टी के लिए रची साजिश

गाजियाबाद। पुलिस ने एक महिला को गैंग रेप की 'फर्जी' कहानी बताने और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश के आरोप में गिरफ्तार किया है।इससे पहले पुलिस ने महिला के खिलाफ ठगी और फर्जीवाड़ा का मामला भी दर्ज किया था। पुलिस फिलहाल इस मामले में गिरफ्तार महिला से पूछताछ कर रही है।

गाजियाबाद पुलिस की एसपी (सिटी -1) निपुण अग्रवाल ने कहा कि इस महिला को हमारी टीम ने गिरफ्तार किया है। हमने उसका बयान दर्ज करने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश कर दिया है। जहां से उसे फिलहाल 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। महिला से पहले उसके तीन साथी को भी गिरफ्तार किया जा चुका है।

DCW ने जांच कराने का किया अनुरोध

गाजियाबाद के कथित गैंगरेप केस में दिल्ली महिला आयोग (DCW) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने सीएम योगी को एक पत्र लिखा। उन्होंने उच्च स्तरीय कमेटी गठित करके इसकी जांच कराने का अनुरोध किया है।

18 अक्टूबर को नंदग्राम क्षेत्र में महिला बंधी हुई हालत में बोरे में मिली थी। उसने पुलिस को किडनैप कर 5 लोगों द्वारा दो दिन तक रेप की बात कही थी। इस मामले में पांच पर केस दर्ज हुआ था। हालांकि पुलिस की जांच में मामला फर्जी बताया गया। इसके अलावा आजाद, गौरव और अफजाल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का दावा है दिल्ली की प्रॉपर्टी के लिए कहानी बनाई गई थी।

इस मामले में महिला की संदिग्ध भूमिका आने के बाद पुलिस अलर्ट हो गई। जीटीबी अस्पताल में गाजियाबाद पुलिस की टीम को लगाया है। अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार अस्पताल में दो दारोगा और दो महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया है। अधिकारियों के अनुसार इस साजिश में महिला का नाम भी आया है।

पुलिस के खुलासे के साथ महिला का विडियो और ऑडियो वायरल हुआ। जिसमें उसने खुलासे पर सवाल उठाकर गैंगरेप होने की बात कही है। साथ ही उसने गिरफ्तार आरोपियों से कनेक्शन की बात से इंकार किया है। पुलिस इस विडियो की भी जांच कर रही है। इस मामले में अभी मीडिया से बात कर रहे महिला के भाई ने नंबर ऑफ कर दिया। जांच में खबर को वायरल करने के लिए 5 हजार रुपये लेने में एक महिला का नाम सामने आया है।

दिल्ली की महिला को किडनैप कर दो दिन तक गैंगरेप के आरोप वाले मामले में गाजियाबाद पुलिस ने गुरुवार को बड़ा खुलासा किया था। पुलिस का कहना है कि महिला के साथ ऐसी कोई वारदात हुई ही नहीं थी। प्रॉपर्टी के पुराने विवाद में दूसरे पक्ष को फंसाने के लिए महिला ने पूरी प्लानिंग के साथ गैंगरेप की झूठी स्क्रिप्ट तैयार की थी।

इस मामले में आरोपियों से पूछताछ करने के लिए आईजी मेरठ रेंज प्रवीन कुमार भी पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्लानिंग करने वाले आजाद, उसके दो साथी अफजल और गौरव को गिरफ्तार किया गया है। केस में अभी जांच जारी है। महिला से भी डॉक्टर की सलाह पर पूछताछ की जाएगी। वहीं जिन पर गैंगरेप का केस दर्ज किया गया था, उनका अभी तक कोई रोल नहीं मिला है। पुलिस ने लोकेशन के साथ उसे वेरिफाई किया है।


अन्य सम्बंधित खबरें