12 दिन से सैकड़ों भेड़ें गोल-गोल चक्कर लगा रही, क्या है इसका रहस्य?
दुनिया में कई बार ऐसी अजीबोगरीब घटनाएं सामने आ जाती हैं जो लोगों को सोचने पर मजबूर कर देती हैं. हाल ही में चीन से ऐसी ही एक घटना सामने आई, जहां रहस्यमय तरीके से सैकड़ों भेड़ें पिछले 12 दिनों से एक सर्कल का चक्कर लगा रही हैं.
ये घटना अभी तक मिस्ट्री बनी हुई है कि आखिर एक साथ इतनी भेड़ें क्यों गोल-गोल चक्कर लगा रही हैं. लोग इसको लेकर तरह-तरह की बातें कर रहे हैं.
चीनी मीडिया के मुताबिक, ये मामला उत्तरी चीन के Inner Mongolia रीजन का है. यहां सैकड़ों की संख्या में भेड़ों का एक झुंड पिछले 12 दिनों से एक घेरे में चल रहा है. वो एक सर्कल के चक्कर लगाते दिखाई दे रही हैं.
बताया गया कि भेड़ें स्वस्थ हैं. लेकिन उनके इस अजीब व्यवहार का कारण अभी भी एक रहस्य बना हुआ है. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है.
वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे कुछ भेड़ें गोले के अंदर शांत खड़ी हैं, जबकि बाकी उनके चारों ओर चक्कर लगा रही हैं. भेड़ों की अजीबोगरीब हरकत का वीडियो मीडिया पीपल्स डेली द्वारा ट्विटर पर शेयर किया गया.
इस मसले पर भेड़ों की मालकिन मियाओ ने बताया कि शुरुआत कुछ भेड़ों से हुई थी. लेकिन बाद में झुंड ही ऐसा करने लगा. मियाओ के पास 34 बाड़े हैं, जिनमें सैकड़ों भेड़ें रहती हैं, लेकिन सिर्फ 13वें नंबर के बाड़े की भेड़ें ये अजीब व्यवहार कर रही हैं.
हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि लिस्टेरियोसिस नामक एक जीवाणु रोग से जानवरों का व्यवहार इस तरह का हो जाता है. ये रोग आम तौर पर खराब खाने से जुड़ा होता है और जानवरों के दिमाग को प्रभावित करता है.