ASI ने नशे में 6 कारों को मारी टक्कर, कई बुरी तरह घायल
दिल्ली के द्वारका मोड़ के पास दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने अपनी कार से छह गाड़ियों में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के चिथड़े उड़ गए. वहीं, इस हादसे में चार लोग जख्मी हो गए. घायलों को आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आरोप है कि एएसआई (ASI) नशे में गाड़ी चला रहा था. एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है. दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
हालांकि, इस घटना के बाद दिल्ली पुलिस के अधिकारी तुंरत हरकत में आए और घटना की जांच के आदेश दे दिए. हादसे को लेकर दिल्ली पुलिस ने कहा है कि ‘बाहरी जिले में तैनात दिल्ली पुलिस के एक एएसआई के खिलाफ बीती रात द्वारका मोड़ इलाके में लाल बत्ती पर पीसीआर वैन समेत छह वाहनों को टक्कर मारने के आरोप में केस दर्ज किया गया है.'
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त एएसआई अपनी निजी कार में यात्रा कर रहा था. तभी उसने जोरदार तरीके से टक्कर मार दी. घटना में वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा है. वाहन सड़क पर पलट गए और उनके शीशे टूट गए. कार के पिछले हिस्से को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है.
इस हादसे में एएसआई सहित 4 लोगों को चोटें आईं हैं. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. साथ ही पुलिस ने उनके परिजनों को भी सूचना भेज दी है. डॉक्टरों की एक टीम उनके इलाज में जुटी है.घटना बीती रात की है. पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घटना के कारणों की जांच चल रही है. इस बात का भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी एएसआई ने क्या शराब पी थी. अगर आरोप सही पाए जाते हैं, तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस हादसे में कुछ गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गई हैं.