मनरेगा के लिए अतिरिक्त भुगतान को दी जा रही है मंजूरी
केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा है कि महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के लिए अतिरिक्त आवंटन (रकम) स्वीकृत किया जाएगा और वित्त मंत्रालय ने आश्वासन दिया है कि इसमें कोई कमी नहीं होगी। उन्होंने इस प्रमुख कार्यक्रम को पर्याप्त धनराशि नहीं दिए जाने को लेकर की जा रही आलोचनाओं को खारिज करते हुए यह बात कही। ‘पीटीआई-भाषा’ के साथ एक साक्षात्कार में मंत्री ने पश्चिम बंगाल में इस योजना के तहत बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया। यह पूछे जाने पर कि क्या केंद्र कोई जांच करेगा, सिंह ने हां में जवाब दिया, लेकिन जांच की प्रकृति के बारे में विस्तार से नहीं बताया। उन्होंने कहा, “मनरेगा एक मांग-प्रेरित योजना है, यह हर कोई जानता है।” उन्होंने कहा, “केंद्रीय वित्त मंत्रालय ने इसके लिए अतिरिक्त धनराशि मंजूर की है।” वित्त मंत्रालय के सूत्रों ने कहा है कि मनरेगा के लिए 28,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि मंजूर की गई है, जिसे अगले संसद सत्र में मंजूरी दे दी जाएगी। वित्त वर्ष 2023-24 के बजट में मनरेगा के लिए आवंटन 60,000 करोड़ रुपये है।
विपक्ष पर प्रमुख ग्रामीण रोजगार योजना पर भ्रम पैदा करने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, “खरगे (कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे) और अन्य विपक्षी नेता भ्रम पैदा करते हैं… सच्चाई यह है कि पिछले नौ वर्षों के दौरान 2,644 करोड़ व्यक्ति कार्य दिवस सृजित हुए हैं और केंद्रीय हिस्सेदारी के रूप में 6.63 लाख करोड़ रुपये से अधिक जारी किए गए हैं, जो संप्रग शासन के दौरान किए गए आवंटन से तीन गुना है।” सिंह ने आगे कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के दौरान मनरेगा के तहत 48 प्रतिशत महिला श्रमिक थीं। उन्होंने कहा कि अब यह बढ़कर 55 प्रतिशत हो गया है।
हाल ही में मनरेगा सूची से बड़े पैमाने पर नाम हटाए जाने के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने कहा, “हो सकता है कि कुछ लोगों की मृत्यु हो गई हो, इसलिए उनके जॉब कार्ड हटा दिए गए, लेकिन हर किसी की मृत्यु नहीं हो सकती…।” उन्होंने कहा कि विभाग को नाम हटाए जाने के कारणों का पता लगाने के निर्देश दिये गये हैं। संसद में एक प्रश्न के उत्तर में ग्रामीण विकास मंत्रालय द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार, 2022-23 में 5.18 करोड़ से अधिक श्रमिकों को मनरेगा सूची से हटा दिया गया। साल 2021-22 में 1.49 करोड़ से अधिक श्रमिकों का नाम मनरेगा सूची से हटा दिया गया।
जिन राज्यों में बड़ी संख्या में श्रमिकों को हटाया गया उनमें आंध्र प्रदेश (78 लाख से अधिक), बिहार (76 लाख से अधिक), ओडिशा (77 लाख से अधिक), उत्तर प्रदेश (62 लाख से अधिक) और पश्चिम बंगाल (83 लाख से अधिक) शामिल हैं। पश्चिम बंगाल के लंबित भुगतान के बारे में पूछे जाने पर मंत्री ने आरोप लगाया कि राज्य में इस योजना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार है। सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा, “लूट चल रही है…मनरेगा के काम के नाम पर वे लिखेंगे कि एक बांध बनाया गया है। जब इसका निरीक्षण किया जाता है, तो वे कहते हैं कि यह बाढ़ में बह गया था…।” राज्य मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति के तीन अक्टूबर को तृणमूल कांग्रेस के लगभग 40 प्रतिनिधियों के एक प्रतिनिधिमंडल से नहीं मिलने के बाद ग्रामीण विकास मंत्रालय में पार्टी सांसदों के विरोध प्रदर्शन पर टिप्पणी करते हुए, मंत्री ने दावा किया कि राज्य मंत्री ने रात साढ़े आठ बजे तक इंतजार किया और टीएमसी प्रतिनिधिमंडल बहुत बड़ा था।
उन्होंने आरोप लगाया, “वे एक तमाशा बनाना चाहते थे।” टीएमसी नेताओं को सुरक्षा कर्मियों ने बलपूर्वक कृषि भवन से बाहर निकाल दिया था और तीन अक्टूबर को परिसर में विरोध प्रदर्शन करते समय हिरासत में ले लिया था। पार्टी के नेताओं ने आरोप लगाया कि सुरक्षा कर्मियों ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया। पश्चिम बंगाल में पहले से ही मनरेगा के तहत काम कर चुके लोगों के लंबित भुगतान पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वहां राज्य सरकार है और उन्हें भुगतान करना चाहिए। उन्होंने कहा, “हम मामले की जांच कर रहे हैं।” मानसून सत्र के दौरान लोकसभा में ग्रामीण विकास राज्यमंत्री निरंजन ज्योति के एक लिखित उत्तर के अनुसार, पश्चिम बंगाल के लिए वेतन मद के तहत 2,770 करोड़ रुपये लंबित थे।
पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार पर महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) और पीएम आवास योजना के तहत राज्य का 15,000 करोड़ रुपये रोकने का आरोप लगाया है। यह पूछे जाने पर कि क्या उनकी पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस या राज्य के अन्य प्रतिनिधियों के साथ कोई बैठक हुई है, मंत्री ने कहा कि राज्यपाल ने एक दस्तावेज भेजा है, जिसकी मंत्रालय द्वारा जांच की जा रही है।
अपने मंत्रालय की उपलब्धियों पर सिंह ने कहा कि योजनाओं के माध्यम से महिलाओं का सशक्तीकरण एक बदलाव की शुरुआत कर रहा है। उन्होंने कहा, “सरकारी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना ग्रामीण विकास मंत्रालय की सबसे बड़ी उपलब्धि है… पीएम मोदी ने दो करोड़ “लखपति दीदी’ का वादा किया है। हम मार्च 2024 से पहले लक्ष्य हासिल कर लेंगे।” उन्होंने कहा कि योजना के तहत दो करोड़ महिलाओं को सूक्ष्म उद्यम शुरू करने के लिए प्रोत्साहित करने के वास्ते कौशल विकास प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों पर टिप्पणी करते हुए, बिहार के बेगूसराय से सांसद सिंह ने कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ भाजपा के लिए कोई चुनौती नहीं है और यह भी विश्वास जताया कि उनकी पार्टी पांच राज्यों में आगामी विधानसभा चुनाव जीतेगी।