इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, चक्रवाती तूफान 'मिधिली' ने बढ़... - CG Sandesh

इन राज्यों में बारिश का अलर्ट, चक्रवाती तूफान 'मिधिली' ने बढ़ाई टेंशन

चक्रवाती तूफान 'मिधिली' ने कई राज्यों की टेंशन बढ़ा दी है. चक्रवात के असर से बारिश की संभावना जताई जा रही है.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, चक्रवाती तूफान 'मिधिली' शनिवार सुबह कमजोर होकर त्रिपुरा और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर एक गहरे दबाव में बदल गया है। इसके अगले छह घंटों में दक्षिण असम और उससे सटे मिजोरम और त्रिपुरा के ऊपर उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने की संभावना है। बता दें कि बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र शुक्रवार को एक चक्रवाती तूफान में बदल गया। इसके कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा समेत पूर्वोत्तर राज्यों में भारी बारिश के आसार हैं।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान ‘मिधिली’ 17 नवंबर की रात या 18 नवंबर की सुबह बांग्लादेश तट को पार कर सकता है। मछुआरों को 18 नवंबर तक उत्तरी बंगाल की खाड़ी और पश्चिम बंगाल के तटों के पास समुद्र में न जाने के लिए कहा है।

मौसम विभाग ने पहले कहा था कि चक्रवाती तूफान बांग्लादेश तट पर पहुंचने से पहले सुंदरबन से आगे बढ़ेगा। आईएमडी ने अपने बुलेटिन में कहा, "चक्रवाती तूफान "मिधिली" कमजोर होकर त्रिपुरा और उससे सटे बांग्लादेश के ऊपर मैजडीकोर्ट (बांग्लादेश) से लगभग 50 किमी उत्तर-पूर्व और अगरतला से 60 किमी दक्षिण-पूर्व में गहरे दबाव में बदल गया है।"
इस बीच आईएमडी ने त्रिपुरा के चार जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है।

चक्रवात ‘मिधिली’ का ओडिशा पर कोई बड़ा प्रभाव पड़ने के आसार न के बराबर हैं, क्योंकि यह राज्य के तट से 150 किलोमीटर ऊपर से गुजरेगा।


अन्य सम्बंधित खबरें