लोकसभा चुनाव की तारीखों का नहीं हुआ है ऐलान, फर्जी शेड्यूल स... - CG Sandesh

लोकसभा चुनाव की तारीखों का नहीं हुआ है ऐलान, फर्जी शेड्यूल सोशल मीडिया पर हो रहा है वायरल

नयी दिल्ली, 24 फरवरी (साजन कुमार/प्रत्यूष रंजन, पीटीआई फैक्ट चेक) : 18वीं लोकसभा चुनाव का कथित शेड्यूल व्हाट्सएप ग्रुप पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि भारत निर्वाचन आयोग ने आगामी लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है और वह 12 मार्च को इससे जुड़ी अधिसूचना जारी करेगा। वायरल शेड्यूल की मानें तो 19 अप्रैल को वोटिंग शुरू होगी और 22 मई को वोटों की गिनती होगी।

एक यूजर ने वायरल शेड्यूल को पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क के व्हाट्सएप नंबर पर भेजा और इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि का अनुरोध किया। पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क ने अपनी जांच में पाया कि वायरल शेड्यूल फर्जी है। निर्वाचन आयोग ने भी वायरल दावे का खंडन किया और शेड्यूल को फर्जी बताया।

दावा :
पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क के व्हाट्सएप नंबर +91-8130503759 पर एक यूजर ने वायरल शेड्यूल भेजा और इसकी प्रमाणिकता की पुष्टि का अनुरोध किया। वायरल स्क्रीनशॉट की मानें तो 12 मार्च को चुनाव की अधिसूचना जारी होने के बाद 28 मार्च को नामांकन शुरू हो जाएंगे। 19 अप्रैल को वोटिंग शुरू होगी और 22 मई को वोटों की गिनती होगी। वायरल शेड्यूल का स्क्रीनशॉट यहां देखें।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पीके बिशोयी (@BishoyiPk) नाम के एक यूजर ने भी वायरल शेड्यूल शेयर किया और लिखा, “भारतीय आम चुनाव 2024 की तारीखों का ऐलान हो गया है। अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने और अपनी आवाज उठाने के लिए तैयार हो जाइए। आइये मिलकर भविष्य को आकार दें।”

सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी दावे की सच्चाई या सत्यापन के लिए पीटीआई फैक्ट चेक डेस्क के व्हाट्सएप नंबर +91-8130503759 से संपर्क करें।


अन्य सम्बंधित खबरें