40 फुट गहरे बोरवेल में गिरा बच्चा, बाहर निकालने अभियान जारी
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शनिवार देर रात एक बच्चा दिल्ली जल बोर्ड के जलशोधन संयंत्र में बने 40 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया, जिसे सुरक्षित बाहर निकालने के लिए बचाव अभियान जारी है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। बच्चे को बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (NDRF) और दिल्ली दमकल सेवा (DFS) संयुक्त अभियान चला रहे हैं। DFS प्रमुख अतुल गर्ग ने बताया कि देर रात करीब एक बजे सूचना मिली कि एक व्यक्ति पश्चिमी दिल्ली के केशोपुर मंडी इलाके में डीजेबी संयंत्र में बने एक बोरवेल में गिर गया है।
उन्होंने बताया, सूचना मिलने पर पांच दमकल वाहनों को घटनास्थल पर भेजा गया। बाद में हमें अपने अधिकारियों से सूचना मिली कि एक बच्चा 40 फुट गहरे बोरवेल में गिर गया है। उन्होंने बताया कि तत्काल बचाव अभियान प्रारंभ किया गया। NDRF की टीम भी घटनास्थल पर है। अतुल गर्ग ने कहा कि NDRF की टीम जल्द ही उस बोरवेल के समानांतर एक और बोरवेल खोदना शुरू करेगी जिसमें बच्चा गिरा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही एक टीम को मौके पर भेजा गया।