मोदी कैबिनेट की पहली बैठक आज, किसे मिलेगा कौन- सा विभाग... आज हो सकता है फैसला
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तीसरी बार पीएम पद की शपथ ले ली है. उन्होंने राष्ट्रपति भवन में अपनी नई कैबिनेट के साथ शपथ ली. मोदी सरकार 3.0 में कुल मंत्रियों की संख्या 72 होगी, जिसमें 30 मंत्री कैबिनेट का हिस्सा होंगे. इनके अलावा 5 मंत्रियों को स्वतंत्र प्रभार दिया गया है. वहीं, 36 सांसदों को राज्य मंत्री का पद दिया गया है. मोदी कैबिनेट 3.0 में ऐसे कई मंत्रियों को शामिल किया गया है, जो मोदी सरकार 2.0 में भी मंत्री रहे हैं.
कैबिनेट का गठन होने के बाद अब सभी की निगाहें पोर्टफोलियो के बंटवारे पर है. अब देखना यह है कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में किस मंत्री के हिस्से में क्या आता है? मोदी 3.0 कैबिनेट में शामिल कुल कैबिनेट मंत्रियों में 25 बीजेपी के हैं और 5 मंत्री पद सहयोगी पार्टियों को दिए गए हैं. वहीं, स्वतंत्र प्रभार के साथ 5 सांसदों को राज्य मंत्री बनाया गया है. जिनमें तीन बीजेपी, जयंत चौधरी के रूप में एक आरएलडी और प्रतापराव जाधव के रूप में एक शिवसेना से शामिल किए गए हैं. इस बीच नई सरकार की पहली कैबिनेट बैठक लोक कल्याण मार्ग स्थित पीएम आवास पर आज यानी सोमवार की शाम 5 बजे होगी.